April 26, 2024

उत्तराखंड में सियासी घमासान के बीच हरीश रावत ने किया फ्लोर टेस्ट पास, 34 मत मिले

देहरादून : उत्तराखंड में सियासी घमासान का आखिरकार फैसला हो ही गया। फ्लोर टेस्ट में हरीश रावत पास हो गए। सूत्रों के अनुसार रावत को 34 मत पड़े, जबकि मुख्य विपक्षी दल भाजपा को 28 मत मिले। हालांकि फ्लोर टेस्ट के परिणाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। ये नतीजे 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने घोषित करने हैं, लेकिन मंगलवार को मतदान के बाद सूत्रों ने भाजपा और कांग्रेस को मिले मतों का आंकड़ा मीडिया के सामने रखा। फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही ग्यारह बजे से 12 बजे तक चली।

वहीं, हरीश रावत ने कहा कि फ्लोर टेस्ट के बाद अब वह उत्सुकता के साथ सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। राज्य के हित में मतदान हुआ है। उधर, भाजपा विधायक मदन कोशिक ने सदन में पार्टी की हार मानी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्पीकर ने घंटी बजाकर सत्र शुरू होने का ऐलान किया। कांग्रेस के नौ बागी विधायकों को छोड़कर बाकी 62 विधायकों को फ्लोर टेस्ट में भाग लेने की अनुमति दी गई है। इनमें एक मनोनीत विधायक भी शामिल है। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत दो घंटे के लिए उत्तराखंड से राष्ट्रपति शासन भी हटा दिया गया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राज्य में सियासी संकट के हल के लिए कराए जा रहे इस फ्लोर टेस्ट के लिए भाजपा और कांग्रेस के विधायकों का विधानसभा सदन पहुंच गए थे।

बीती पूरी रात भाजपा और कांग्रेस ने अपने विधायकों को साथ रखने के अलावा बाकी विधायकों का समर्थन जुटाने के लिए मैराथन कसरत की। इसी का नतीजा रहा कि कांग्रेस विधायक रेखा आर्य मंगलवार सुबह भाजपा खेमे के साथ खड़ी दिखी, जबकि भाजपा विधायक भीमलाल आर्य कांग्रेसियों के साथ खड़े नजर आए।

भाजपा विधायकों के विधानसभा पहुंचने का सिलसिला सवा दस बजे शुरू हुआ, जबकि तब तक कांग्रेस के अधिकांश विधायक सदन में पहुंच चुके थे। स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल इन सबसे पहले विधानसभा पहुंच गए थे। विधानसभा के बाहर भी दोनों दलों ने अपने-अपने विधायकों की अगवानी के इंतजाम किए हुए थे। कांग्रेस की तरफ से निवर्तमान सीएम हरीश रावत और उनकी कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री रहे यशपाल आर्य गरमजोशी से वहां विधायकों का स्वागत कर रहे थे।

फ्लोर टेस्ट का समय 11 बजे है, लेकिन सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक गहमागहमी चरम पर है। बारह घंटे पहले तक जिन बसपा विधायकों को लेकर असमंजस की स्थिति थी, सोमवार सुवह वे कांग्रेस के साथ खड़े नजर आए। मत विभाजन में उनका रुख क्या रहेगा यह तो अभी भविष्य के गर्त में छिपा है, लेकिन उन पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की निगाहें बनी हुई है। पीडीएफ के बाकी चार विधायक भी कांग्रेस के खेमे में चहलकदमी करते दिख रहे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हालांकि फ्लोर टेस्ट विधानसभा सदन के भीतर हो रहा है, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम सदन से सड़क तक किए गए हैं। सदन के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मोबाइल जेमर भी वहां स्थापित किए गए हैं। विधायकों को विधानसभा के गेट तक गाड़ी ले जाने की इजाजत भी नहीं है। करीब दो सो मीटर पहले गाड़ी खड़ी कर वे पैदल ही पहुंचे।

फ्लोर टेस्ट की वीडियो रिकार्डिंग
सदन में मत विभाजन की कार्यवाही किस तरह चली, इसकी बाकायदा वीडियो रिकार्डिंग की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्षता और शुचिता की जांच के लिए वीडियो रिकार्डिंग के निर्देश उत्तराखंड शासन को दिए हैं। इसके लिए सदन के भीतर छह वीडियो कैमरे फीट किए गए हैं।

62 विधायक फ्लोर टेस्ट में
स्पीकर ने बताया कि फ्लोर टेस्ट के लिए 62 विधायक योग्य हैं। इन्हें व विधानसभा सचिवालय के स्टाफ को ही सदन में प्रवेश की अनुमति दी गई है। मीडिया व दर्शक दीर्घा के लिए कोई पास जारी नहीं किया गया।

देवी देवताओं का है आशीर्वाद
फ्लोर टेस्ट से पहल निवर्तमान सीएम हरीश रावत उत्साहित नजर आए। सुबह उन्होंने अपने आवास पर चलने से पहले नारियल तोड़ा और फिर आत्मविश्वास के साथ मीडिया को बाइट दी। वह बोले दो माह से चल रही राजनीतिक अस्थिरता का अंत आज हो जाएगा। उन्होंने बसपा व पीडीएफ के साथ होने का दावा भी किया। साथ ही देवी देवताओं को याद करना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि मेरे साथ देवी देवताओं का आशीर्वाद है। राज्य के हित में सभी सहयोगी मेरे साथ खड़ें हैं।

फ्लोर टेस्ट से पहले रणनीति
विधानसभा पहुंचने से पहले भाजपा ने यहां एक होटल में अपने विधायकों के साथ सदन के भीतर की रणनीति पर एक बार फिर से मंथन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्थानीय शीर्ष नेताओं ने अंतरात्मा की आवाज पर सदन में वोट डालने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि जो भ्रष्टाचार और आसुरी ताकत के खिलाफ हैं, वो भाजपा के साथ खड़े हैं।

9

आर्य और रेखा का पाला बदल
फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले भाजपा से निलंबित विधायक भीमलाल आर्य और कांग्रेस विधायक रेखा आर्य पाला बदलते दिखे। भीमलाल आर्य कांग्रेसियों की भीड़ के बीच नजर आए तो रेखा आर्य बाकायदा भाजपा विधायकों के साथ सदन में पहुंची।

केंद्रीय नेता नेता ले रहे पल-पल की जानकारी
फ्लोर टेस्ट के लिए दिल्ली से पहुंचे भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। कांग्रेस ने गुलाम नवी आजाद और अंबिका सोनी को यहां भेजा हुआ है। कल रात इन दोनों नेताओं ने पार्टी विधायकों के साथ गुजारी। सुबह से ही वे लगातार संपर्क में बने हुए हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलास विजयवर्गीय और श्याम जाजू पार्टी विधायकों के साथ साये की तरह चल रहे हैं। पार्टी की हर रणनीति में इन सबकी मुहर लगी है।

उत्तराखंड में दो घंटे के लिए हटा राष्ट्रपति शासन
उत्तराखंड में मंगलवार को दो घंटे के लिए राष्ट्रपति शासन हटाया गया। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड के सियासी संकट के समाधान के लिए फ्लोर टेस्ट कराने का आदेश दिया है। इसी के मद्देनजर राज्य में सुबह 11 बजे से एक बजे तक राष्ट्रपति शासन हटाने के निर्देश सुप्रीम कोर्ट ने दिए हैं। विशेष परिस्थितियों में दिए गए इस निर्देश की अवधी पूरी होने के बाद राज्य में फिर से राष्ट्रपति शासन लागू हो जाएगा।