April 24, 2024

उपायुक्त ने सुशासन दिवस पर होडल में किया सी.एम. विण्डो सेवा का शुभारंभ

Palwal/Alive News: सुशासन दिवस के अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने होडल उपमण्डलीय मुख्यालय पर सी.एम. विण्डो सेवा का शुभारंभ किया। उपमण्डल स्तर पर सी.एम. विण्डो सेवा होने से होडल उपमण्डल के नागरिक सी.एम. विण्डो के माध्यम अपनी शिकायतें व समस्याएं दर्ज करवा सकेंगे।

होडल के लघु सचिवालय में सी.एम. विण्डो का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिला मुख्यालय पर लोगों के लिए पहले से ही सी.एम. विण्डो सेवा उपलब्ध है। हाल ही में गत दिनों से हथीन उपमण्डलीय मुख्यालय पर भी सी.एम. विण्डो सेवा प्रारंभ हो चुकी है। सुशासन दिवस पर होडल उपमण्डल के नागरिकों के लिए भी उपमण्डलीय मुख्यालय पर सी.एम. विण्डो सेवा प्रारंभ कर दी गई है।

सी.एम. विण्डो सेवा का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सी.एम. विण्डो सेवा का बेहतर रूप से संचालन किया जाए। नागरिकों द्वारा दी जाने वाली शिकायतों व समस्याओं को समयबद्ध रूप से दर्ज किया जाए। उपायुक्त ने बताया कि सी.एम. विण्डो के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों व समस्याओं को समयबद्ध रूप से निपटाने के लिए नियमित रूप से मोनिटरिंग की जा रही है। सी.एम. विण्डो के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों व समस्याओं को संबंधित अधिकारी समयबद्ध रूप से निपटाएं ताकि नागरिकों को समय पर निवारण एवं समाधान मिल सके।

विवरणानुसार सी.एम. विण्डो सेवा प्रारंभ होने के उपरांत पलवल जिला क्षेत्र से संबंधित प्राप्त लगभग 3346 शिकायतों में से 2846 शिकायतों का निपटान किया जा चुका है। पलवल जिला क्षेत्र से संबंधित 85 प्रतिशत शिकायतों का निपटान किया जा चुका है। कुछ लम्बित शिकायतों के निपटान की प्रक्रिया जारी है।

सी.एम. विण्डो के शुभारंभ अवसर पर पलवल के उपमण्डल अधिकारी(ना.)एस.के. चहल, हथीन के उपमण्डल अधिकारी(ना.)सतेन्द्र सिवाच, नायब तहसीलदार संजीव नागर, मत्स्य अधिकारी गीता बघेल, मार्किट कमेटी के चेयरमैन जगमोहन गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, राधेश्याम कालड़ा, जगपाल मंडौत, सत्यभान शर्मा, राजकुमार रावत, विजय सिंह व अन्य गणमान्य मौजूद थे।