April 25, 2024

बाढ़-बारिश से मची हाहाकार, यूपी-बिहार में हाल बेहाल

New Delhi/Alive News : आधा हिंदुस्तान इस वक्त बाढ़ और बारिश से बेहाल है। देश के 6 राज्यों में बाढ़ का कहर टूटा हुआ है। यूपी, एमपी, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड और असम पर पानी का कहर टूटा हुआ है। इस सभी राज्यों में एक तरफ तो नदियां उफान पर है दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश से सडक़ों पर सैलाब आ गया है। इन 6 राज्यों में अब तक करीब 500 लोगों की जान जा चुकी है। लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। एमपी में अब तक 25 लोगों की जान बाढ़ और बारिश से जा चुकी है। करीब 25 हजार लोग बेघर हो चुके हैं। यूपी में भी हालात ऐसे ही हैं। बिहार में गंगा, कोसी समेत आधा दर्जन नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

असम में सैकड़ों गांव पानी की वजह से कट गए हैं यहां लाखों लोग बाढ़ और बारिश की वजह से अपना-अपना आशियाना छोडऩे पर मजबूर हो चुके हैं। उत्तराखंड में भी बाढ़ और बारिश की वजह से हालात काफी खराब हैं। मध्य प्रदेश में बाढ़ से सबसे ज्यादा कहर बरपा हुआ है। भारी बारिश की वजह से हालात और बिगड़ गए हैं। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में भारी बारिश के वजह से नरसिंहपुर में तीन मंजिला मकान ढह गया, जिसमें कई लोगं फंस गए। इसमें एक महिला इतनी बुरी तरह दब गई कि उसे निकालने के लिए राहत और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

नरसिंहपुर के अलावा कल मध्य प्रदेश के सतना में एक इमारत गिरी। इस हादसे में एक शख्स की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, मैहर शहर में कल दिल दहलाने वाला हादसे में एक फुटबॉल प्लेयर को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। जांबाज बबलू मार्टिन की बहादुरी को आज पूरा शहर याद कर रहा है। शनिवार को एक तीन मंजिला इमारत गिर गई, लेकिन गिरने से पहले इमारत एक तरफ झुक गई थी। इसी दौरान बबलू की नजर इमारत के नीचे खड़े 3 साल के बच्चे मयूर पर पड़ी। मार्टिन भाग कर उसे बचाने दौड़े। मयूर और उसकी मां को तो मार्टिन ने बचा लिया, लेकिन खुद इमारत की चपेट में आ गए। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।

बाढ़ और बारिश से सबसे ज्यादा तबाही मध्य प्रदेश में हुई है, पिछले 48 घंटों से एमपी के अलग-अलग जिलों में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 48 घंटों में अलग-अलग हिस्सों में बाढ़ से 15 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश होने की आशंका जताई है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम शिवराज सिंह चौहान से बातचीत की है और उन्हें राहत और बचाव अभियानों में सभी मदद देने का आश्वासन दिया है। बाढ़ से यूपी भी बेहाल है। एक तरफ बारिश तो दूसरी तरफ गंगा यमुना समेत राज्य की सभी नदिया उफान पर हैं।

बाढ़ और बारिश से जुड़े हादसों की वजह से 5 लोगों की मौत हो चुकी है। जगह-जगह पर हजारों लोग बेघर हुए हैं।
बिहार में भी बाढ़ का कहर है। बाढ़ के चलते वहां भी जनजीवन अस्त-व्यस्त है। नेपाल की नदियों से आ रहे पानी ने बिहार में हालात खराब कर रखे हैं। दरअसल, नेपाल की छोटी पहाड़ी नदियों में उफान का असर बिहार मे सीधे कोसी नदी पर पड़ता है। कोसी को यूं भी बिहार का कहर कहा जाता है लेकिन इस वक्त गंगा और बाकी नदियां भी उफान पर हैं।