April 25, 2024

मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलेगी बुलेट ट्रेन, परमाणु ऊर्जा करार संभव

नई दिल्ली : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे तीन दिवसीय भारत यात्रा पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। शनिवार दोपहर बाद बनारस रवाना होने से पहले नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में दोनों देशों के नेता नौवें भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। इस सम्मेलन में पिछले एक साल में लिए गए वाणिज्यिक-व्यापारिक निवेश के समझौतों की भी समीक्षा की जाएगी।

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिंजो अबे के बीच हैदराबाद हाउस में होने वाली बैठक में बुलेट ट्रेन के अलावा असैन्य परमाणु ऊर्जा करार पर बड़ा करार हो सकता है। इससे पहले अबे ने शुक्रवार शाम को भारतीय उद्योगपतियों को संबोधित किया। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर अबे ने कहा कि जापान की कोल फॉयर पॉवर जनरेटर तकनीक इस चुनौती से निपटने में मदद कर सकती है। जिन प्रमुख समझौतों पर भारत और जापान के बीच करार होने हैं वह इस प्रकार से है–

– असैन्य परमाणु ऊर्जा समझौते पर गतिरोध हल करने की घोषणा
– स्मार्ट सिटी और कई बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं पर करार
– जापान के अमेरिकी-2 एंफीबियन एयरक्राफ्ट खरीदने का ऐलान
– रेलवे की शोध और डिजाइन क्षमता में भी जापान के सहयोग पर करार
– सुरक्षा, समयबद्धता, सेवा गुणवत्ता और माल ढुलाई में मदद की घोषणा

जापानी पीएम ने कहा कि दिल्ली मेट्रो ने वाहनों के प्रदूषण को काफी हद तक कम किया है। जापान के सहयोग से मेट्रो की शुरुआत हुई थी। जापान दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कोरिडोर प्रोजेक्ट समेत कई ढांचागत परियोजनाओं में भारत की तकनीकी और वित्तीय मदद कर रहा है। उन्होंने भारतीय उद्योगपतियों से जापान में निवेश का आह्वान किया।