April 16, 2024

सुनपेड़ की घटना भाजपा सरकार पर कालिख : कुलदीप बिश्नोई

21 Oct. Photo-3

फरीदाबाद : हरियाणा जनहित कांग्रेस(बी एल) के अध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई बुधवार को फरीदाबाद के गांव सुनपेड़ पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवार से मुलाकात करके घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति निरंतर बिगड़ती जा रही है।

असामाजिक तत्व मनमानी कर रहे हैं और सरकार व प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। उन्होंने कहा कि सुनपेड़ की घटना भाजपा सरकार पर कालिख है और मनोहर लाल खट्टर से अगर प्रदेश की सत्ता नहीं संभल पा रही तो उन्हें अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। उन्होंने पीडि़त परिवार को न्याय की मांग करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की।

हजकां अध्यक्ष ने कहा कि खट्टर सरकार प्रदेश के इतिहास की पहली ऐसी सरकार है, जो 1 साल के कार्यकाल में ही जनता के बीच अलोकप्रिय हुई है। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार के जनविरोधी फैसलों के विरोध में हजकां 1 नवंबर से आंदोलन का बिगुल फूंक रही है, जिसकी शुरूआत दादरी हलके के बड़े गांव अचिना से होगी।

इसके बाद 15 नवंबर को जींद हलके के गांव ईक्कस में बड़ी जनसभा की जाएगी।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता की दुख-तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है या फिर भाजपा की संस्कृति की तरह ही उन्हें भी झूठ बोलने की आदत पड़ गई है। इस दौरान हजकां नेता ओमपाल टोंगर, रोशनलाल यादव, चुन्नु राजपूत सहित अनेक पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता भी उनके साथ थे।