April 25, 2024

होडल में सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है सडकों पर

प्रशासन की लापरवाही से शहर बना गंदगी का ढेर

होडल, (तिलक राज शर्मा) : नगरपालिका में कर्मचारियों के अभाव के कारण शहर में सफाई व्यवस्था दिनों दिन चरमराती जा रही है। शहर की गलियों व रास्तों की सफाई के लिए पालिका में पर्याप्त सफाईकर्मी मौजूद नहीं होने के कारण गंदा पानी सडकों पर बहता रहता है। शहर की कोई गली या वार्ड ऐसा नहीं है जहां नालियें का गंदा पानी सडकों पर ना बह रहा हो। शहर वासियों को इसी गंदे पानी से निकलने को मजबूर होना पड रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर शहरवासी पालिका अधिकारी,एसडीएम से लेकर जिला उपायुक्त व मुख्यमंत्री तक से शिकायत कर चुके हैं,लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण शहर गंदगी का ढेर बन चुका है। नालियों में सडता पानी और जगह जगह लगे गंदगी के ढेर शहर की पहचान बन चुकी है। नालियों की सफाई ना होने के कारण गंदा पानी अब सीवरेज में जाने लगा है जिसके कारण सीवरजे के मेन होल भी आए दिन बंद होने लगे हैं। मेन होल का पानी भी ओवर फिलो होकर बाहर बहने लगा है। गंदगी के कारण कडकडाती सर्दी में भी मच्छरों का प्रकोप बढता जा रहा है। शहर के सामाजिक संगठनों ने अब यहां गंदगी के ढेरों व सडकों पर बहते गंदे पानी की वीडियो फिल्म बनाकर सीएम विंडो पर भेजने की तैयारी शुरु कर दी है।

क्या कहते हैं स्थानीय लोग
शहर में लगातार चरमराती सफाई व्यवस्था के कारण अब घरों से निकलना भी दूभर हो चला है। अपने घरों तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड रहा है। रास्तों में भरे गंदे पानी के कारण छोटे बच्चे, बुजुर्ग व महिलाओं का रात के समय निकलना बंद हो चुका है।    दिनेश जैन, स्थानीय निवासी 

शहर के अधिकांश वार्डों के चौराहों व कालोनियों की सडकों पर गंदा पानी भरा रहता है। सफाई कर्मचारी महीनों तक नालियों की सफाई करने के लिए नहीं पहुंचते हैं जिसके कारण नालियां लगभग बंद हो चुकी हैं। इसी कारण सीवरेज व्यवस्था भी ठप होकर रह गई है।      अमरनाथ बजाज, स्थानीय निवासी 

सफाई व्यवस्था की शिकायत सुनने के लिए पालिका कार्यालय में कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिलता है। शहर की अधिकांश सडकों पर नालियों का गंदा पानी बहता रहता है। जिसके कारण मक्खी,मच्छरों का प्रकोप भी बढता जा रहा है.  कैलाश मंगला, स्थानीय निवासी 

नगरपालिका कार्यालय के ठीक सामने बनी मार्केट पिछले कई दिनो से गंदे पानी में डूबी पडी है। शिकायात के बावजूद किसी भी अधिकारी का ध्यान इस ओर नहीं गया है। जिसके कारण यहां के दुकानदार नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. प्रमोद गर्ग, स्थानीय निवासी 

उप मंडल के अधिकांश अधिकारी व कर्मचारी पंचायत चुनाव में व्यस्त हैं। चुनाव सम्पन्न होने के बाद वह शहर का दौरा करेंगे और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे। लापरवाह किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रताप सिंह,एसडीएम ,होडल