April 27, 2024

जवाहर नवोदय विद्यालय मोठूका में 27वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज

Faridabad/Alive News : जवाहर नवोदय विद्यालय मोठूका में आज से आगामी 9 सितंबर तक चलने वाली तीन दिवसीय 27वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हो गया। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नवोदय विद्यालय समिति के सभी आठ संभागों से कुल 794 छात्र-छात्राएं विद्यालय में आए हैं। आज 9 बजे हैंडबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रम के साथ शुभारंभ हुआ। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बीरेंद्र सिंह मुख्यातिथि रहे जबकि अन्य विशिष्ट अतिथियों में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिनेश कुमार मीणा व विकास डागर ने शिरकत की।

12

नवोदय विद्यालय समिति, जयपुर संभाग के उपायुक्त वी एस गोसाईं एवं सहायक आयुक्त एम.के. सिंह की अगुवाई में इस प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय महेंद्रगढ़ के प्राचार्य एके जैन, जवाहर नवोदय विद्यालय गुडग़ांव के प्राचार्य डीडी शर्मा, जवाहर नवोदय विद्यालय कुरुक्षेत्र की प्राचार्या अमर कौर, जवाहर नवोदय विद्यालय पानीपत की प्राचार्या सुनीता वशिष्ठ ने सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम के आरंभ में नवोदय विद्यालय समिति, जयपुर संभाग के उपायुक्त वी एस गोसाईं द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट करके स्वागत किया गया एवं सहायक आयुक्त एमके सिंह द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय पानीपत की छात्राओं द्वारा मंत्रमुग्ध करने वाला स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

तत्पश्चात जवाहर नवोदय विद्यालय मुंगेशपुर द्वारा हरियाणवी नृत्य एवं पानीपत की छात्राओं द्वारा राजस्थानी नृत्य कालबेलिया प्रस्तुत किया गया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। इसी क्रम में आगे बढ़ते हुए मुख्यातिथि द्वारा 27वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई। पुष्प गुब्बारे एवं आतिशबाजी ने इस समारोह का इंद्रधनुष रंगों जैसा रंगीन बना दिया। तत्पश्चात मुख्यातिथि एवं जयपुर संभाग के उपायुक्त वीएस गोसाईं द्वारा नवोदय विद्यालय समिति का झंडा फहराया गया।