April 20, 2024

3 हजार स्वयं सेवकों ने किया शस्त्र पूजन व पथसंचलन

Faridabad/Alive News :  दशहरा के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अपने स्थापना दिवस के रूप में शस्त्र पूजन किया और उसके उपरांत पथसंचलन किया। जिसमें शामिल हर आयु वर्ग के स्वयं सेवक पूर्ण गणवेश में बैंड की धुन पर कदम ताल करते हुए पंक्तिबद्ध चले। पथसंचलन जिन गलियों से निकला तो चौक चौराहों पर खड़ी महिलाओं एवं सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

विवेकानंद नगर द्वारा बडखल चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रांत कार्यवाह डॉक्टर देव प्रकाश भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू जागरण एव संगठन के माध्यम से आसुरी शक्तियों का विनाश कर रामराज्य की स्थापना कर भारत माता को पुन विश्व गुरू के  सिंहासन पर सुशोभित करना ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का एकमात्र लक्ष्य है।

अगवानपुर विनय नगर चौक पर तिलपत नगर द्वारा पथसंचलन में उत्तर क्षेत्रिय संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंघल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। सिंघल ने अपने संबोधन में संघ की स्थापना के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। जब सभी सच्चाई, स्वच्छता के भाव के साथ चरित्रवान होंगे तभी राम राज्य स्थापित होगा। इसी विचार धारा को लेकर संघ आगे बढ रहा है।

फरीदाबाद विभाग के फरीदाबाद पूर्वी महानगर, फरीदाबाद पश्चिमी महानगर, बल्लभगढ़ में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभिन्न कार्यक्रम 23 स्थानों पर हुए जिसमें शस्त्र पूजन के उपरांत हुए पथसंचलन में लगभग 3 हजार स्वयं सेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विनोद, जय किशन, राजेश माहेश्वरी, राजेंद्र जैन, राजेंद्र गोयल, चुन्नी लाल गर्ग, संजय अरोड़ा, माधव, सुनील मिश्रा, हरीश गर्ग, जयपाल, जितेंद्र प्रमुख रूप से उपस्थित थे।