April 27, 2024

67वे गणतंत्र दिवस पर भारत की सैन्य शक्ति का शानदार प्रदर्शन

नई दिल्‍ली : देश आज 67वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों सेना प्रमुखों के साथ अमर जवान ज्योति पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजली दी। इसके बाद पीएम ने राजपथ पर मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति ओलांद का स्वागत किया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राजपथ पर तिरंगा फहराया।

आज ही के दिन 1950 में देश ने मौजूदा संविधान को अपनाया था और तब से लेकर आज तक हम इस दिन को गणतंत्र दिवस के तौर पर मना रहे हैं। आज राजपथ पर भारत की संस्कृति के रंग और रक्षा क्षेत्र की ताकत का दुनिया के सामने प्रदर्शन किया जा रहा है। परेड में फ्रांस की टुकड़ी ने मार्च पास्ट किया। यह पहला मौका है जब किसी दूसरे देश की टुकड़ी ने राजपथ पर मार्चपास्ट किया। परेड में 26 साल के बाद सेना के श्वान (कुत्ता) दस्ते ने भी अपने हैंडलर्स के साथ भाग लिया।

राष्ट्रीय राजधानी के आसपास सुरक्षा का कड़ा घेरा
गणतंत्र दिवस के चलते राष्ट्रीय राजधानी के इर्द-गिर्द सुरक्षा के कई कवच तैयार किए गए हैं। शहर में महत्वपूर्ण ठिकानों को आतंकी समूहों द्वारा निशाना बनाने की खुफिया सूचना के मद्देनजर अहम बिंदुओं पर एंटी एयरक्राफ्ट गन और एलएमजी को तैनात किया गया है। गनरों को बिना अनुमति के कोई भी हवाई वस्तु की उड़ान देखने पर उसे नीचे गिरा देने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। सुबह में दस बजकर 35 मिनट से सवा बारह बजे तक नोटम (वायुसैनिकों को नोटिस) घोषित किया गया है। इस दौरान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ना तो कोई विमान उतरेगा ना ही उड़ान भर सकेगा।

दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैन्य बल भी सुरक्षा में तैनात
ऐतिहासिक राजपथ पर विशेष इंतजाम किए गए हैं, जहां रक्षा सेवाओं के कमांडर इन चीफ राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी देश की सैन्य शक्ति का जायजा लेंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एहतियाती तौर पर परेड होने वाले मार्ग पर 10 बिंदुओं पर एलएमजी तैनात किया गया है। हल्के मशीन गन के साथ विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों को नई दिल्ली के 10 अहम ठिकानों पर तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के पूरे अमले के साथ ही अर्धसैन्य बलों से कर्मियों को भी सुरक्षा सेवा में तैनात किया गया है।