April 25, 2024

हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव के अंतर्गत राहुल आचार्य ने किया ओडिसी नृत्य

Palwal/Alive News :  विश्व प्रसिद्ध ओडिसी नर्तक पंडित राहुल आचार्य ने हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव के अंतर्गत ओडिसी नृत्य प्रस्तुत किया। ओडिसी नर्तक ने शिव विश्वनाथाष्टक नृत्य, ओडिसी स्थायी नृत्य व शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत किया।

पंडित राहुल आचार्य ने स्थानीय सैक्टर-2 स्थित एस.पी.एस. इन्टरनेशनल स्कूल में हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव के अंतर्गत ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी। उन्होंने शिव वंदना युक्त शिव विश्वनाथाष्टक नृत्य, उडिसा के मन्दिर गात्रों की वंदना की ओडिसी नृत्य शैली नृत्य व शिव सप्त तांडव की वंदना युक्त शिव तांडव नृत्य या अष्टशम्भू नृत्य प्रस्तुत किया। पंडित राहुल आचार्य को ओडिसी नृत्य के लिए संगीत संगति देने वाले संगीतज्ञों में मृदला वादक गुरू निरंजन पात्रा, हारमोनियम वादक सुकांत कुमार कुंडू व वायलन वादक अग्रि मित्रा शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव के अंतर्गत ओडिसी नर्तक पंडित राहुल आचार्य ने स्पिक मैके (सोसायटी फॉर दा प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिक्ल म्यूजिक एण्ड कल्चरल अमंगस्ट यूथ) पलवल में ओडिसी नृत्य प्रस्तुत किया। एस.पी.एस. इन्टरनेशनल स्कूल के चेयरमैन सुरेश भारद्वाज ने पंडित राहुल आचार्य को स्मृति चिन्ह भेंट कर मान-सम्मान किया।

ओडिसी नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व भाजपा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष वीरपाल दीक्षित ने अपने संबोधन में आचार्य राहुल की ओडिसी नृत्यकला की प्रशंसा की। भंवर श्याम सरस्वती ने अपने संबोधन में प्राचीन भारतीय संस्कारों एवं सामाजिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक रोहित भारद्वाज व प्राचार्य राहुल सिरोही मौजूद थे।