April 25, 2024

SPA में कलह के चलते अमर सिंह ने दिया इस्तीफा

Lucknow/Alive News : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में रार के बाद अब सुलह की बात भी तेज गति पकड़ रही है। इसी बीच कलह के अहम कड़ी माने जा रहे अमर सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि वह थोड़ी देर में प्रेस कॉंफ्रेंस कर सकते हैं।

अमर सिंह कल मुलायम सिंह यादव के साथ ही लौटे थे। कल रात तक वह मुलायम सिंह के आवास पर बैठक में थे। आज सुबह फिर अमर सिंह ने सपा सुप्रीमो के साथ बैठक की। इसके बाद शिवपाल सिंह यादव ने सीएम अखिलेश यादव के सरकारी आवास का रुख किया। वहां पर बैठक के बाद शिवपाल फिर मुलायम सिंह के आवास पर पहुंचे। आज तीसरी बार शिवपाल सिंह यादव भी मुलायम सिंह से मिलने पहुंचे। इसके बाद अमर सिंह ने भी सपा सुप्रीमो के साथ मुलाकात की।

शिवपाल यादव पहुंचे सीएम अखिलेश के सरकारी आवास
कल रात में सपा के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के आवास पर अमर सिंह तथा मुलायम सिंह यादव के भाई अभयराम यादव तथा राजपाल यादव के बीच वार्ता के बाद आज शिवपाल सिह यादव ने मोर्चा संभाला है। शिवपाल सिंह यादव अभी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने उनके सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि यह पार्टी में सुलह की एक अहम कड़ी होगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग के बाहर उनके समर्थक बड़ी तादाद में डटे हैं। भारी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा है। उधर शिवपाल सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश के बीच वार्ता शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी में एक बार फिर से सुलह के प्रयास शुरू हो गए हैं।

अमर पर चल सकती है कैंची
मुख्यमंत्री अखिलेश और शिवपाल सिंह यादव के बीच मुख्यमंत्री आवास पर बैठक चल रही है। ऐसा माना जा रहा है कि, पार्टी में सुलह की कोशिश एक बार फिर तेज हो गयी है। सुलह की कीमत अमर सिंह बताये जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि, यदि पार्टी में सुलह की कोशिश होती है तो, अमर सिंह की मौजूदगी पर कैंची चल सकती है।

गौरतलब है कि पारिवारिक कलह की स्थिति अमर सिंह के पार्टी में आने के बाद ही अधिक खराब हुई थी। उधर आज सुबह भी अमर सिंह पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे। उनके मुलायम सिंह यादव के आवास ने निकलने के बाद ही शिवपाल सिंह यादव ने सीएम अखिलेश के सरकारी आवास का रुख किया।

अमर सिंह सीरियस
अमर सिंह अपने आवास से बाहर निकले हैं। मीडिया के सवालों पर चटकारे से जवाब देने वाले अमर सिंह सीरियस हैं। इस्तीफे के मामले में अमर सिंह ने कुछ भी बोलने से इंकार किया। अमर सिंह बहुत सीरियस नजर आए।