April 25, 2024

रोजी-रोटी बचाओ रैली में अशोक तंवर करेंगे आर-पार की लड़ाई का ऐलान

Faridabad/Alive News : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में फरीदाबाद के सभी कांग्रेसी कांग्रेस के जनसंवाद सम्मेलन एवं रोजी-रोटी बचाओ रैली को लेकर एकजुट हो चुके हैं। उम्मीद है कि ये सभी कार्यक्रम भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होंगे और इनमें उमड़ी भीड़ का आक्रोश यह साबित कर देगा कि लोग भाजपा की मनोहर सरकार से त्रस्त हैं। यह जानकारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस आयोजन कमेटी के मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने दावा किया कि हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की होगी।

मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार 16 सितंबर को खान दौलतराम धर्मशाला एन.आई.टी. फरीदाबाद में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर कांग्रेस जनसंवाद सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन के आयोजक व्यापार मंडल फरीदाबाद के पूर्व अध्यक्ष ओ.पी.पांडे हैं, जिनके निमंत्रण पर फरीदाबाद से सभी वर्गों के प्रतिनिधि एवं प्रतिष्ठित लोग इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। जो कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर से सीधे संवाद करके उन्हें यह बताएंगे कि चुनाव में कांग्रेस की हार के कारण क्या थे और अब लोगों को कांग्रेस के साथ कैसे जोड़ा जा सकता है।

कौशिक ने बताया कि रविवार 24 सितंबर को बल्लबगढ़ की अनाज मण्डी में होने वाली रोजी-रोटी बचाओ रैली के आयोजक हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव अशोक गर्ग हैं। इस रैली के लिए बल्लबगढ़ शहर, गांव एवं कालोनियों में जनसंपर्क किया जा रहा है। रैली के मुख्यातिथि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर इस मौके पर उपस्थित जनसमूह के बीच हरियाणा की भ्रष्ट भाजपा सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान करेंगे। इससे पहले भी प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में हरियाणा भर में रैली, धरने प्रदर्शन करके भाजपा सरकार को बेनकाब किया जा रहा है।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक आनन्द कौशिक, प्रदेश महासचिव राजेन्द्र शर्मा, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ओबीसी सेल के अध्यक्ष राकेश भड़ाना, वरिष्ठ कांग्रेसी एस. एल. शर्मा, समाजसेवी मुकुट गर्ग ने फरीदाबाद की जनता से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक तादाद में इक_े होकर कांग्रेस पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम में शिरकत करें जिससे हरियाणा की इस भ्रष्ट भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ा जा सके। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में भाजपा का अनैतिक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर सरकार ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में कोई विघ्न डालने का प्रयास किया तो जनता के समर्थन से इसका जवाब दिया जाएगा।