April 27, 2024

पिछड़े वर्ग को आगे आने की आवश्यकता : राहुल गांधी

Faridabad/Alive News : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ओबीसी के चेयरमैन राकेश भडाना ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर आगामी दिनो में हरियाणा में ओबीसी मोर्चा की विशाल रैली के लिए निमंत्रण दिया। इस मौके पर राहुल गांधी ने राकेश भडाना से हरियाणा की राजनीति के विषय में विचार विमर्श किया एवं कांग्रेस को हरियाणा प्रदेश में मजबूती प्रदान करने के दिशा निर्देश दिये।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव पिछड़ा वर्ग को महत्व दिया और उनके उत्थान के लिए कार्य किये है परंतु आज वर्तमान सरकार में पिछड़ा वर्ग की अनदेखी की जा रही है इसीलिए हरियाणा प्रदेश सहित देश में ओबीसी मोर्चा और अधिक मेहतन करके पिछड़ा वर्ग के समाज को आगे लाये और उनको मार्गदर्शन करे।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने में आप सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाये ताकि जनता आगामी चुनावो में किसी के बहकावे में ना आये और कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सत्ता में वापसी कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक एक पदाधिकारी, कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बनाने में किसी प्रकार की कमी ना छोड़े।

इस मौके पर राकेश भडाना ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह हरियाणा प्रदेश में ओबीसी मोर्चा की विशाल रैली का आयोजन करना चाहते है और उस रैली में अगर आपका समय मिल जाये तो अवश्य ही कांग्रेस में एक जोश आ जायेगा। उन्होंने कहा कि आपके दिशा निर्देश पर आज देश व प्रदेश का युवा वर्ग चल रहा है और आपके आने से अवश्य ही हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस को और मजबूती मिल जायेगी।