April 26, 2024

अम्बेडकर के सपने को साकार करने में जुटी भाजपा : विपुल गोयल

Panipat/Alive News : प्रदेश सरकार बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के दिखाए रास्ते पर चलते हुए अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों एवं अन्य वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने जातिवाद और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर पूरे हरियाणा और समाज के हर तबके के विकास के लिए काम किया है ताकि भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अम्बेडकर के सपने को साकार किया जा सके।

प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने यह बात वीरवार को आर्य कॉलेज के आडिटोरियम में आयोजित डॉ.भीमराव अम्बेडकर की 126वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय समारोह को सम्बोधित करते हुए कही। गोयल ने कहा कि देश के पहले कानून मंत्री भीमराव अम्बेडकर ने संविधान लिखने के साथ-साथ पिछड़े वर्ग, मजदूर, किसान और महिलाओं के हित की बात की है। यही कारण था कि विश्व के अमेरिका, कनाडा और जापान सहित 55 देशों ने उनकी जयंती मनाई।

यही नहीं, संयुक्त राष्ट्र में 70 साल के इतिहास में पहली बार किसी भारतीय की जंयती को मनाया गया। उन्होंने समाज, देश और व्यवस्था को सुधारने के लिए काम किए हैं। साथ ही साथ समानता का सिद्धान्त भी पूरे विश्व को दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने सभी संत महात्माओं और महापुरूषों की जयंती सरकारी स्तर पर प्रत्येक जिले में मनाए जाने का निर्णय लेकर एक सराहनीय कार्य किया है, जिससे हरियाणा के युवाओं को ठीक दिशा व प्रेरणा मिलेगी। 7 से 14 अप्रैल तक सरकार ने डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के नाम पर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम करवाने का फैसला किया है ताकि उनकी विचार धाराओं को आगे बढ़ाया जा सके।

गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले अनुसूचित जाति के परिवारों को उनकी लडक़ी की शादी पर तथा सभी वर्गों की विधवाओं की लड़कियों की शादी में अनुदान राशि दी जाती है। विपुल गोयल ने उपस्थित युवाओं का आहवान किया कि वे अपने जीवन में डॉ.भीमराव अम्बेडकर के विचारों को लाएं और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना कर आगे बढ़े व समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने।