April 20, 2024

शहर का पहला ग्रीन फेस्ट हुआ संपन्न

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद शहर का पहला ग्रीन फेस्ट बहुत बेहतर रहा और शायद इस साल का अब तक का सबसे कामयाब इवेंट रहा | लगभग 1000 से अधिक लोगों ने 11 बजे से 5 बजे तक चले इस इवेंट में शिरकत की | इस इवेंट को फरीदाबाद एक्शन ग्रुप ने आई. पी. कॉलोनी के ही ईको क्लब के बेहतरीन सहयोग से अंजाम दिया |

इस फेस्ट में घरों से निकलने वाले कूड़े को कैसे कम किया जाये और व्यक्तिगत स्तर पर कैसे शहर को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दिया जा सकता है इस बात को मनोरंजनात्मक तरीके से समझाया गया | साथ ही प्रदुषण से बचने के लिए आक्सीजन देने वाले पौधों को जन सामान्य तक पहुँचाया गया |

बच्चों, तरुण वर्ग, वयस्क एवं सीनियर सिटीजन वर्ग आदि के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं का आयोजन किया गया | सभी वर्ग में बेहतरीन भागीदारी देखी गयी | समाज के कई सारे सामाजिक कार्यकर्त्ता यहां पर इकट्ठा हुए और सभी ने एक्शन ग्रुप से इस कार्यक्रम को अपने यहां करवाने की मांग रखी | डीपीएस स्कूल के सेवम टीम ने भी शिरकत करते हुए सहयोग का हाथ एक्शन ग्रुप की तरफ बढ़ाया हैं |

फरीदाबाद एक्शन ग्रुप के प्रधान डेंसन जोसफ़ ने बताया के प्रदूषण को कम करने के लिए जहां प्रशासन को सही नीतियों को क्रियान्वन में लाना जरुरी है वहीं शहर के निवासियों को व्यावहारिक सहयोग देना जरुरी है और इसी बात की शुरुवात आज शहर में ग्रीन फेस्ट के माध्यम से हुआ है | अब इस मॉडल को शहर के हर कॉलोनी, सेक्टर तक पहुँचाया जायेगा |

इसमें मुख्यतः पीबी लाल, अवतार गौड़, वरुण श्योकंद, शालिनी, जीतेन्दर भड़ाना, सुशील वर्मा, चमन कॉल, मीनू बहल, पूजा गुप्ता, सोनाली सारस्वत और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत करी |