April 19, 2024

स्मार्ट सिटी के लिए सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता : राजकुमार सैनी

Faridabad/Alive News : सफाई कर्मचारियों के बिना स्मार्ट सिटी तो क्या स्वच्छता की कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह विचार लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुरूक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने तिगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहे। इस मौके पर उनके साथ वीर एकलव्य दल के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र चंदेलिया, फतेहपुर के पूर्व सरपंच खेमचंद सैनी भी मुख्य रुप से उपस्थित थे।

सांसद राजकुमार सैनी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। पूरे प्रदेश में 50 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारियों की जरूरत है जबकि स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के लिए लगभग 12 हजार सफाई कर्मचारियों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दलित समाज हमारे द्वारा फैंकी हुई गंदगी को साफ करता है जोकि एक महान कार्य है। लेकिन सरकार व प्रशासन द्वारा इसकी हमेशा अनदेखी की जाती है, जिसके कारण वह आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए सदैव प्रयासरत है।

सांसद राजकुमार सैनी का स्वागत करते हुए वीर एकलव्य दल के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र चंदेलिया ने उन्हें कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि विभिन्न विभागों से ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती करवाए जाए तथा कर्मचारियों से सिर पर मैला उठावाने वाली कंपनी टीएफसी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए व कर्मचारियों को संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं।

राजकुमार सैनी ने उन्हें आश्वासन दिलाया कि वह उनकी मांगों को संसद में जरूरी उठाएंगे और मुख्यमंत्री से भी विचार करेंगे। इसके बाद उन्होंने जीतगढ़ में शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को माल्यार्पण किया। इस अवसर पर ओमप्रकाश सैनी, मणिक राम, नीमका गांव के पूर्व सरंपच सुरेश, दयावती, राजवती, महेंद्र, राजपाल, संदीप, पिंकी, बीना, राकेश, बलराज सहित अनेक लोग मौजूद थे।