April 19, 2024

सफाई कर्मचारियों ने निगमायुक्त कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News : हुडा के सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापिस लेने के लिए आज निगम के सैकड़ों कर्मचारियों ने निगमायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि निगम प्रशासन सरकार के आदेशों के बावजूद भी निगम प्रशासन कर्मचारियों को ड्यूटी पर लेने के लिए बिना वजह देरी कर रही है। नगर पालिका कर्मचारियों ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के अंदर-अंदर हुडा के कर्मचारियों को ड्यूटी पर नहीं लिया तो नगर निगम मुख्यालय पर निरन्तर आन्दोलन चलाया जायेगा।

नगर निगम कर्मचारियों ने प्रदर्शन से पहले निगम मुख्यालय पर एकत्रित होकर सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर हरियाणा सरकार के विरूद्ध गेट मीटिंग की। कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने विभिन्न निगम, बोर्ड, कृषि संस्थानों के कर्मचारियों को सरकार ने सातवें वेतन आयोग के लाभ से महरूम कर रखा है। वहीं सरकार चुनावी वायदों कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने व ठेकाप्रथा समाप्त करने सहित पंजाब के समान वेतन देने व वेतन विसंगतिया दूर करने व आदि वायदों को भी पूरा नहीं कर रही है। इसलिए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा आन्दोलन की राह पर है।

आज की गेट मीटिंग व प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर बाल गुहेर ने की। गेट मीटिंग को विशेष तौर पर नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान व सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के वरिष्ठ उपप्रधान नरेश कुमार शास्त्री, महासचिव सुभाष लाम्बा, मुख्य संगठनकर्ता विरेन्द्र डंगवाल, राज्य सचिव सुनील कुमार चिन्डालिया, एसकेएस के जिला प्रधान अशोक कुमार आदि ने भी सम्बोधित किया।

कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान व सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के वरिष्ठ उपप्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने दावा किया कि संघ द्वारा करनाल में दिए जाने वाला दो दिवसीय महापड़ाव ऐतिहासिक होगा। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि सरकार को प्रदेश में बड़े कर्मचारी आन्दोलन को टालना है तो सरकार बातचीत करके कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करें।

आज की सभा में अन्य के अलावा यूनियन के सचिव सोमपाल झिझोटिया, वरिष्ठ उपप्रधान श्रीनंद ढकोलिया, कैशियर सुदेश कुमार, सीवरमैन यूनियन के प्रधान सुभाष फेटमार, सचिव राजू, चालक यूनियन के प्रधान परशराम अधाना, वेद भड़ाना, वाटर सप्लाई यूनियन से जयराज नागर आदि मौजूद थे।