April 19, 2024

पुश्तों से काम कर रहे सफाई कर्मचारी नही होंगे बेरोजगार : कृष्णपाल गुर्जर

Faridabad/Alive News : केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गूर्जर ने आज निगम सभागार में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों के बीच आकर ठोस आश्वासन देते हुए कहा कि पुश्तों से काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कल 15 दिसम्बर दोपहर बाद मेरी अध्यक्षता में बैठक कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान किया जाएगा। गौरतलब है कि स्थानीय निगम सभागार में इको ग्रीन कंपनी के द्वारा नगर निगम के कुछ क्षेत्र से घर-घर से कूड़ा उठाने का शुभारंभ करने आए केन्द्रीय राज्य मंत्री $कृष्णपाल गूर्जर, स्थानीय विधायिका सीमा त्रिखा, मूलचन्द शर्मा, नगेन्द्र भडाना सहित निगम अधिकारियों का नगर निगम सफाई कर्मचारियों ने घेराव किया।

आयोजन स्थल निगम सभागार के मुख्य द्वार पर सफाई कर्मचारियों द्वारा कब्जा करने के बाद केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गूर्जर सहित अन्य सभी विधायक व अधिकारी पिछले रास्ते से निगम सभागार में पहुुंचे। प्रदर्शनकारियों व पुलिस प्रशासन के बीच कई बार झड़प हुई और टकराव जैसी स्थिति उत्पन्न होने से बची। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक मंत्री जनता के बीच आकर ज्ञापन नहीं लेंगे और हमारी समस्या का समाधान नहीं होने देंगे तब तक इको ग्रीन कंपनी का शुभारंभ नहीं होने देंगे। इस चेतावनी के बाद केन्द्रीय मंत्री ने कर्मचारियों के बीच आकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।

इस प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री व महासचिव सुभाष लाम्बा ने केन्द्रीय मंत्री के समक्ष अपनी मांग रखते हुए कहा कि इको ग्रीन कंपनी द्वारा घर से घर कूड़ा उठाने का काम संभालने के बाद निजी तौर पर सफाई का काम करने वाले लगभग 2000 परिवार बेरोजगार हो जाएंगे। आज के इस प्रदर्शन में गुरचरण खांडिय़ा, नानकचंद खैरालिया, श्रीनंद ढकोलिया, सुनील चिण्डालिया, सुदेश कुमार, जितेन्द्र, रामकिशोर त्यागी, सतीश पहलवान, योगेश पंडि़त, वेद भडाना, रंजीत शुक्ला, परसराम अधाना, राजू मढ़ोलिया, सतपाल मेंढवाल, बल्लू चिण्डालिया, प्रेमपाल, दान सिंह, महेश, बृजवती, कमला्र्र, माया, शकुंतला, ज्ञानवती महिला नेताओं ने भी संबोधित किया।