April 26, 2024

नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल का हुआ समापन

Faridabad/Alive News : नगर निगम मुख्यालय पर पिछले 24 घंटे से चल रही भूख हड़ताल को आज अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय प्रधान सुभाष लाम्बा व नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने सभी 186 भूख हड़ताली महिला एवं पुरूष कर्मचारियों को जूस पिलाकर विगत कल से शुरू हुई हड़ताल का समापन करा दिया। भूख हड़ताल की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने की तथा मंच का संचालन सोमपाल झिझोटिया ने किया।

कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लाम्बा ने कहा कि सरकार पालिका कर्मचारियों के आन्दोलन की अनदेखी कर रही है।

यदि सरकार ने सात मई तक नगरपालिका कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो सकसं के सभी विभागों के कर्मचारी 8 मई को निकाले जाने वाले मशाल जुलूस में भाग लेगें तथा 9, 10 व 11 मई को होने वाली हड़ताल को पूर्ण समर्थन देगें।

नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार गरीब सफाई कर्मचारियों की हड़ताल करने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा 18 मार्च को शहरी स्थानीय निकास विभाग मंत्री कविता जैन के सोनीपत आवास पर प्रदर्शन कर मंत्री को ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत करवा चुके है। मंत्री द्वारा संघ को जल्द समस्या का समाधान करने का वायदा किया था लेकिन समाधान करने की बजाय सफाई कर्मचारी नेताओं का तबादला कर उत्पीडऩ करना शुरू कर दिया है।

संघ द्वारा 28 अप्रैल को मुख्यमंत्री मनोहरलाल से फरीदाबाद में भी मुलाकात कर ज्ञापन दिया गया था। मुख्यमंत्री द्वारा भी जल्द मांगों का समाधान करने का आश्वासन देने के बाद भी विभाग द्वारा कार्यवाही नहीं की गई है। इसलिए संघ ने आन्दोलन को और तेज करने का निर्णय लेते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा 10 मई तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो संघ 72 घंटे की हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में तब्दील कर देगा।

आज की भूख हड़ताल में अन्य के अलावा कर्मी नेता गुरूचरण खाण्डिया, नानकचंद खैरालिया, नंद ढकोलिया, रगबीर चौटाला, सुदेश, बल्लू, कृष्ण, माया, शकुन्तला, वेद भड़ाना, रोहताश, सुभाष फेंटमार, सतीश पहलवान, योगेश शर्मा, परशराम अधाना, जितेन्द्र छाबड़ा आदि ने भी भाग लिया।