April 20, 2024

डिजीटल बीजेपी कार्यक्रम में मुख्यमन्त्री खट्टर ने ऐप्प का किया शुभारंभ

Faridabad/Alive News : सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में आयोजित भारतीय जनता पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर के दौरान आज माननीय मुख्यमन्त्री मनोहर जी लाल, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला जी ने डिजीटल बीजेपी कार्यक्रम में एक ऐप्प का शुभारंभ किया। जिसके माध्यम से सम्पूर्ण भाजपा का समन्वय व संचार इलैक्ट्रोनिक माध्यम से होगा। इस ऐप्प के जरिये मण्डल स्तर के पदाधिकारी भी अपनी गतिविधियों की जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व तक ऐप्प के माध्यम से पहुंचा सकेगें। ऐप्प का शुभारंभ एक बटन दबाकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए माननीय मनोहरलाल जी ने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी जरुरत डिजीटल होना है। जिससे समय व साधनों की बचत होती है और साथ-साथ काम में तत्परता आती है। इसी माध्यम से भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सकती है। मुख्यमन्त्री जी ने हरियाणा में किये जा रहे डिजीटाइजेशन की खुबियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार ने लगभग 125 इलैक्ट्रोनिक सेवाएं शुरु की है। जिनके माध्यम से भ्रष्टाचार पर लगाम लगी। और लगभग 700 करोड़ रुपये की राज्य सरकार को बचत हुई।

इसी अवसर पर प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक संगठन के रूप में उभरी है और इतने बड़े संगठन को इस ऐप्प के माध्यम से अपनी जानकारी देना-लेना व पार्टी इतिहास एवं गतिविधियों को हर कार्यक्रर्ता तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने अपने सम्बोधन में बताया कि हमारे माननीय प्रधानमन्त्री व मुख्यमन्त्री जी का प्रिय विषय भी इन्फोरमेशन टैक्नोलोजी है। बराला ने कहा कि जिस गति से केन्द्र व राज्य सरकारें देश को डिजिटल कर रही है, उसी क्रम में अब भाजपा को भी डिजिटल किया जा रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने केन्द्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि इस ऐप्प को उपयोग में हरियाणा भाजपा खरी उतरेगी। इस अवसर पर ऐप्प के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द गुप्ता व हरियाणा आई.टी. के संयोजक विक्रम गौड़ भी मौजूद रहे।