April 20, 2024

जनता दरबार में लोगों की समस्यों से रूबरू होंगे CM

Faridabad/Alive News : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 23 जुलाई प्रात: 11:00 बजे को जिले में पधारेंगे। वे दोपहर पूर्व तो स्थानीय नगर निगम सभागार में आयोजित होने वाले जनता दरबार कार्यक्रम में जिला के आम लोगों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे जबकि बाद दोपहर लघु सचिवालय परिसर सैक्टर-12 का दौरा करने के उपरान्त यहीं पर जिला प्रशासन के काफ्रैंस हाल में आयोजित की जाने वाली जिला के सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करेंगे। उपायुक्त समीरपाल सरो ने आज इस सम्बन्ध में सभी प्रकार के आवश्यक प्रबन्धों व तैयारियों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थानीय अरावली गोल्फ क्लब के सभाकक्ष में जिला के सभी सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में फरीदाबाद नगर निगमायुक्त सोनल गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त जितेन्द्र दहिया, हुडा प्रशासक यशेन्द्र सिंह, डीसीपी आस्था मोदी व विक्रम कपूर, नगराधीश सतबीर मान, बल्लबगढ़ के एसडीएम अमरदीप जैन, हुडा के सम्पदाधिकारी महाबीर प्रसाद तथा जिला राजस्व अधिकारी पी.डी. शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। सरों ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री सुशासन अभियान के अनुसार अपने सभी सम्बन्धित विकास कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की कोताही अथवा लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी ताकि जिला के आम जन साधारण को सभी प्रकार की सरकारी सुविधाओं व योजनाओं का लाभ बेहतर ढंग से मिल सके।

जन सम्पर्क अभियान के दौरान जनता दरबार में मुख्यमंत्री द्वारा लोगों से रूबरू होकर समस्याओं की जानकारी हासिल करना भी उनकी सुशासन प्रणाली की पड़ताल करना ही है। उपायुक्त ने जिला के सभी सम्बन्धित अधिकारियों को मुख्यमंत्री आगमन कार्यक्रम से जुड़े प्रबन्धों व तैयारियों को भलि-भांति पूरा करने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम सभागार का भी दौरा किया और प्रबन्धों को सुनिश्चित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक मोहम्मद सफी व कार्यकारी अभियन्ता सुरेश चन्द, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सडक़ें) के कार्यकारी अभियन्ता राहुल सिंह, नगर निगम के मुख्य अभियन्ता, डी.आर. भास्कर व अधीक्षण अभियन्ता रमेश बंसल, हुडा के अधीक्षण अभियन्ता सतपाल दहिया व कार्यकारी अभियन्ता राजीव शर्मा सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।