March 28, 2024

CNG के दामों में 1.53 रुपए और PNG 93 पैसे की बढ़ोतरी

Faridabad/Alive News : जिले में सीएनजी सप्लाई करने वाली अडानी कंपनी ने सीएनजी व पीएनजी के दामों में इजाफा कर दिया है। सीएनजी के दामों में 1.53 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। जबकि घरेलू पीएनजी 93 पैसे महंगी हो गई है। बढ़े हुए रेट शुक्रवार रात 12 बजे से लागू हो गए हैं। रेट बढऩे से जिले के 30 हजार सीएनजी वाहन चालक और 40 हजार घरेलू उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा। जिले में गैस सप्लाई के लिए 12 स्टेशन हैं। पीएनजी 20 सेक्टरों में सप्लाई हो रही है। जवाहर कालोनी निवासी दिनेश कुमार, बल्लभगढ़ निवासी अमित व पंकज का कहना है कि सीएनजी की कीमतें लगातार बढ़ाई जा रही हैं।

ऐसे में पेट्रोल – डीजल और सीएनजी के रेट में ज्यादा अंतर नहीं रह गया है। सीएनजी युक्त वाहन काफी हद तक कम प्रदूषण फैलाते हैं जबकि डीजल-पेट्रोल से प्रदूषण ज्यादा फैलता है। सरकार को सीएनजी के रेटों को कम करने पर विचार करना चाहिए।

रोडवेज का भी बढ़ेगा घाटा
सीएनजी के बढ़े हुए दामों का असर रोडवेज डिपो पर भी पड़ेगा। रोडवेज डिपो में सीएनजी चालित बसों की संख्या करीब 180 है। इन बसों में प्रतिदिन 15 से 20 हजार किलोग्राम सीएनजी की खपत होती है। हालांकि गैस सप्लाई करने वाली कंपनी का रोडवेज के साथ करार है कि वह बाजार भाव के मुकाबले रोडवेज को 1.20 रुपए प्रति किलो सस्ता देगी। ऐसे में सीएनजी के बढ़े हुए दामों से रोडवेज को रोज करीब 35 हजार रुपए से ज्यादा का अतिरिक्त भार झेलना पड़ेगा।

रेट बढऩे का कारण
अडानी कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट भातिश ढोलकिया ने बताया कि सीएनजी व घरेलू पीएनजी की बढ़ी हुईं कीमतें शुक्रवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। गैस के रेट बढऩे का मुख्य कारण गुजरात गवर्नमेंट द्वारा 28 नवंबर से वैट रूल में बदलाव करना है। गैस की आपूर्ति गुजरात से यहां होती है। वैट दर बदलने से गैस की कीमतें बढ़ी हैं।

सीएनजी की कीमत
पहले                                        अब
38.80                                  40.33

पीएनजी की कीमत
पहले                                       अब
22.54                                   23.47

सीएनजी स्टेशनों पर लगे पेटीएम सीएनजी वाहन चालकों को अब सीएनजी भराने के बाद कैश भुगतान करने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अडानी कंपनी ने जिले के अपने 6 सीएनजी स्टेशनों पर खुले पैसों की दिक्कत खत्म करने के लिए पेटीएम सुविधा शुरू की है। हाईवे पर चार व बाइपास के दो सीएनजी स्टेशनों पर पेटीएम सुविधा शुरू हुई है। जिले में रोज करीब 30 हजार वाहन चालक सीएनजी भराते हैं।

बदरपुर टोल पर भी पेटीएम शुरू बदरपुर फ्लाईओवर पर चालकों की सुविधा के लिए टोल प्लाजा पर पेटीएम व स्वैप मशीन लगाई हैं। बदरपुर फ्लाईओवर पर शुक्रवार को वाहन चालकों से पहले की तरह निर्धारित रेट टोल वसूला गया। सुविधा के लिए सभी लेन में पेटीएम कोड लगाए हैं। 18 स्वैप मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा बदरपुर टोल प्लाजा पर स्मार्ट कार्ड सुविधा भी शुरू की है। मेट्रो कार्ड की तरह इसे पहले ही रिचार्ज करा लेते हैं। करीब 10 हजार वाहन चालक स्मार्ट कार्ड का प्रयोग करते हैं। बदरपुर टोल प्लाजा प्रबंधक अमित भाटिया के अनुसार नोटबंदी के बाद टोल वसूलने में शुक्रवार को काफी दिक्कतें आईं।