April 26, 2024

निगमायुक्त ने कूड़ा उठाने वाले जी.पी.एस. प्रणाली से युक्त 90 वाहनों को किया रवाना

Faridabad/Alive News : नगर निगम की आयुक्त सोनल गोयल ने आज यहां नगर निगम सभागार से शहर में कूड़ा उठाने वाले जी.पी.एस. प्रणाली से युक्त 90 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।  नगर निगम मुख्यालय में स्थापित होने वाले नियंत्रण कक्ष से से नियंत्रित होने वाली  निगम की इस महत्वाकांक्षी योजना से शहर की सफाई व्यवस्था में बहुत अधिक सुधार आयेगा।  इन 90 वाहनों में डम्पर, टैक्टर टाली, जे.सी.बी, सुपर शकर मशीनें आदि शामिल हैं। भारत सरकार, शहरी विकास मंत्रालय के दिशा निर्देशों के अनुसार भारतीय संचार निगम और नगर निगम के बीच एक एम.ओ.यू. करार के तहत लागू की गई इस योजना के अनुसार एक वाहन पर प्रति माह 1500 रूपये का खर्चा आएगा।  फिलहाल 6 महीने के लिए इसके लिए नगर निगम की ओर से भारतीय संचार निगम को  927450 रूपये का भुगतान किया गया है।
निग्मायुक्त  सोनल गोयल ने समारोह के बाद बताया कि व्यापक जनहित में उठाए गए इस कदम से नगर निगम के  स्वच्छ फरीदाबाद स्वस्थ फरीदाबाद  अभियान को तेजी प्रदान होगी।  उन्होंने बताया कि जी.पी.एस. प्रणाली से प्रत्येक वाहन की बेहतर ढंग से निगरानी हो सकेगी, इससे वाहनों की कार्यक्षमता में सुधार होगा, ये वाहन इधर-उधर जाने की बजाए अपने तय रूट पर ही चलेंगे, कूड़े को निर्धारित स्थल से उठाकर के रास्तें में या अन्य स्थानों पर डालने की बजाए निर्धारित स्थल तक पहुंचायेंगे।  उन्होंने बताया कि शहर के प्रत्येक खत्तों व कूड़ादानों के लिए वाहन निर्धारित कर दिये गये हैं और किसी स्थान से कूड़ा न उठने की शिकायत की जांच जी.पी.एस. प्रणाली से तुरंत हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जी.पी.एस. प्रणाली से वाहनों पर पूरी तरह से नियंत्रण होने के बाद डीजल का खर्चा भी निश्चित तौर से कम होगा और प्रत्येक वाहन चालक और सुपरवाईजरी स्टाफ की जबाबदेही भी तय हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि वाहन के खराब होने की भी जानकारी तुरंत मिलने से इनकी मरम्मत आदि का काम तेजी से हो सकेगा। सोनल गोयल ने शहरवासियों से भी शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए निगम प्रशासन का सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, दुकानों या संस्थानों आदि का कूड़ा आदि निर्धारित कूड़ादानों में ही डालें।  उन्होंने दावा किया है कि शहर को एक सुन्दर शहर बनाने के लिए निगम प्रशासन के द्वारा उठाए जा रहे कदमों के परिणाम नजर आने लग गये हैं और यदि शहर की सामाजिक संस्थायें, आम नागरिक आगे आकर सफाई व्यवस्था की बेहतरी के लिए निगम प्रशासन के साथ आ जाए तो फरीदाबाद शहर देश के सर्वोतम शहरों में शुमार हो सकता है।
उन्होंने वाहन चालकों को अपनी डयूटी के प्रति कर्तव्यपरायण रहने का आह्वान करते हुए कहा कि इस सिस्टम से जहां आपकी की गई मेहनत दिखाई देगी और आपके उपर अनर्गल आरोप नहीं लग सकेंगे, वहीं थोड़ी सी लापरवाही व कोताही तुरंत पकड़ में आ जायेगी।  आज के इस कार्यक्रम में अन्य के इलावा कार्यकारी अभियन्ता राम प्रकाश, सुरेन्द्र पुनिया, एस.के. अग्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी श्याम सिंह, जन सम्पर्क अधिकारी, रतन लाल रोहिल्ला, सफाई सलाहकार लाल चन्द चौहान, वाहन सलाहकार दलबीर सिंह आदि भी उपस्थित थे।