April 26, 2024

शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर शिक्षा भी आज की जरूरत: देव सिंह गुसाई

Faridabad/ Alive News: गढ़वाल सभा शिक्षा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में पूरी तरह से प्रयासरत है, यह उदगार गढ़वाल सभा के अध्यक्ष देव सिंह गुंसाई ने आज सैक्टर-3 में गढ़वाल सभा के सौजन्य से नवनिर्मित कंप्यूटर सेन्टर के शुभारंभ अवसर पर कहे। शुभारभ से पूर्व प्रधान देव सिंह गुंंसाई के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने हवन यज्ञ किया एवं सभी ने हवनयज्ञ में हिस्सा लेकर आहूति भी डाली।


उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सभी के लिए कंप्यूटर शिक्षा भी आज की जरूरत है और उसी के चलते गढ़वाल सभा ने इस कंप्यूटर सेन्टर का शुभारंभ किया है जिसमें आमजन को भी लाभ मिलेगा और आमजन कंप्यूटर की जानकारी भी हासिल कर पायेगा। उन्होंने कहा कि गढ़वाल सभा शिक्षा के साथ साथ समाज के उत्थान में भी अपनी अहम भागीदारी निभा रही है जिसमें गढ़वाल सभा के समस्त पदाधिकारी व सदस्य भी प्रशंसा के पात्र है। गुंसाई ने बताया कि इससे पूर्व में भी गढ़वाल सभा द्वारा सेक्टर-3 में एक सिलाई सेन्टर खोला गया था जिसमे हमारी मातृशक्ति सिलाई प्रशिक्षण ले रही हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम. एस. असवाल, महामंत्री सुरेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह नेगी, शिक्षा सचिव महेंद्र सिंह बिष्ट आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
इस अवसर पर सेक्टर-3 उत्तराखण्ड भ्रातृमण्डल कार्यकारिणी के सभी सदस्य सहित सेक्टर.3 के गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित थे। उत्तराखण्ड भ्रातृमण्डल के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से एवं सेक्टर-3 निवासियों ने गढ़वाल सभा का आभार प्रकट करते हैं कहा कि कंप्यूटर सेन्टर खुलने से सेक्टर निवासियों के कंप्यूटर सीखने का अवसर प्राप्त होगा।