April 26, 2024

मेट्रो किराया वृद्धि पर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

Faridabad/Alive News : अगर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मेट्रो रेल में सफर करना महंगा किया तो हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में हरियाणा के कांग्रेस कार्यकर्ता इस जुल्म के खिलाफ आंदोलन करेंगे। लेकिन इससे पहले फरीदाबाद और गुडग़ांव के मेट्रो स्टेशनों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सरकार को चेतावनी दी जाएगी कि वह मेट्रो रेल के किराये में वृद्धि के प्रस्ताव को तुरन्त वापिस ले अन्यथा केन्द्र की भ्रष्ट भाजपा सरकार और दिल्ली की भ्रष्ट आम आदमी पार्टी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा जो कि आम जनता को लूटने में जुटे हैं।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर के निर्देश पर फरीदाबाद एवं गुडग़ांव में कांग्रेस के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शुक्रवार 6 अक्टूबर को मेट्रो स्टेशनों पर इकट्ठा होकर यात्रियों से बातचीत करके किराया बढ़ोतरी के मुद्दे पर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। यह हस्ताक्षर अभियान कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए गए जिला प्रभारियों के दिशा-निर्देशन में चलेगा।

कौशिक ने कहा कि अगर इसके बावजूद भी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा किराये की दरों में बढ़ोतरी की जाती है तो हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एस्कॉर्ट मुजेसर से इकट्ठे होकर मेट्रो में सफर करते हुए विरोध प्रदर्शन करते हुए दिल्ली पहुंचेंगे जहां जंतर-मंतर पर भाजपा और आम आदमी पार्टी सरकार का पुतला फूंका जाएगा। फिर भी अगर ये अंधी और बहरी सरकारें आम जनता की आवाज को अनदेखा करेंगी तो लोकसभा का घेराव भी किया जाएगा।