April 26, 2024

श्रेष्ठ भारत निर्माण के लिए सुसंस्कृत शिक्षा आवश्यक : राज्यपाल

Kurukshetra/Alive News : हरियाणा के राज्यपाल महामहिम प्रोफेसर कप्तान सिंह सौलंकी ने कहा कि बाल्यकाल से ही बच्चों को सुसंस्कृत शिक्षा प्रदान करने से एक भारत श्रेष्ठ भारत का निर्माण होगा। शिक्षण संस्थान भारत देश की विविधता के संस्कार छात्र-छात्राओं को देने का कार्य करें, जिससे उनका सर्वागीण विकास हो सके।


राज्यपाल रविवार को गीता निकेतन आवासीय विद्यालय के 44वें वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। महामहिम राज्यपाल ने अपने ऐच्छिक कोष से विद्यालय के लिए 51 लाख रुपए देने की घोषणा की।


उन्होंने विद्यालय में नवनिर्मित विस्तार खंड का उदघाटन तथा आचार्य आवास का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही शरीर, मन, बुद्धि, आत्मा का विकास शिक्षण संस्थान में होता है। एक अच्छे इंसान बनने के साथ-साथ विद्यार्थियों में नेतृत्व करने की क्षमता का विकास करवाना भी शिक्षण संस्थानों का प्रथम कार्य होना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश बेटियों को बचाने और पढानें में अव्वल है। भारत की सेना में 10 में से एक जवान हरियाणा से है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में शिक्षा लेकर यहां के बच्चें पूरे हरियाणा को अंलकृत करने का कार्य करेंगे।

राज्यपाल ने सभी को आने वाले पर्व दिपावली की शुभाकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर थानेसर विधायक सुभाष सुधा, लाडवा विधायक डॉ.पवन सैनी, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, एडीसी धर्मबीर सिंह, बीजेपी जिला अध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, मल्टी आर्ट कल्चर के एडवाईजर महेश जोशी, प्रबंधक समिति के अध्यक्ष विश्वराज, विद्यालय प्रबंधक राजेन्द्र कलेर, सत्यनारायण गुप्ता, डॉ. ऋषि गोयल, शिव कुमार, अशोक कुमार, मोहन लाल, राजेश गोयल, मास्टर बाल कृष्ण, रत्न लाल सरदाना,अशोक रोशा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।