April 24, 2024

बनारस की बेटी आज रचेगी इतिहास, विश्व रिकॉर्ड के पहुंची करीब

-गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने के करीब पहुंची
-98 घंटे का सफर पूरा, हौसला बढ़ाने पहुंचे लोग
-आज माउंट लिट्रा स्कूल में रचा जाएगा इतिहास

Alive News/ 09 April 2016
काशी : काशी की कथक नृत्यांगना सोनी चौरसिया ने अपनी मैराथन थिरकन से विश्व रिकॉर्ड बनाने की जहां उम्मीद जगा दी, वहीं उसके हौसले में कोई कमी नहीं आई है। शुक्रवार की सुबह उन्होंने लगातार 87.15 घंटे तक लगातार नृत्य करने के अपने ही पुराने रिकार्ड को तोड़ दिया। यह रिकॉर्ड उन्होंने 17 नवंबर 2015 को बनाया था।

इसी के साथ देर रात एक बजे तक उन्होंने 103 घंटे के नृत्य का सफर पूरा कर विश्व कीर्तिमान के लक्ष्य को हासिल करने की आस पैदा कर दी। वह केरल के त्रिचूर की हेमलता कमंडलु के 123 घंटा 15 मिनट तक लगातार नृत्य करने के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड को तोड़ने के लिए अग्रसर हैं। अगर सोनी आज रात 9 बजे तक नृत्य करती हैं, तो वे इस रिकॉर्ड को तोड़कर गिनीज बुक में दर्ज रिकॉर्ड को तोड़ देंगी। सोनी का हौसला बढ़ाने के लिए मोहन सराय के माउंट लिट्रा स्कूल परिसर में दिन भर संगीत प्रेमियों, कलाकारों, उद्यमियों और राजनेताओं की भीड़ लगी रही।

सोनी ने गुरुवार की रात 1:55 बजे 35 मिनट का लंबा ब्रेक लिया। रात 2:30 बजे वह मंच पर वापस आई तो सुबह 6:30 तक नृत्य करती रहीं। इसके बाद 15 मिनट का ब्रेक लेकर वह 6:45 पर वापस आईं और 9:50 पर फिर पांच मिनट का ब्रेक लिया। सुबह 9:55 से 10:50 तक उन्होंने नृत्य के सफर को आगे बढ़ाया। इसी दौरान 9:15 बजे सोनी ने अपने पुराने रिकार्ड को तोड़ने में कामयाबी हासिल की।

10:50 बजे 10 मिनट का ब्रेक लेकर वह 11 बजे वापस आईं तो फिर तीन बजे उन्होंने 15 मिनट आराम किया। इसके बाद शाम 3:15 पर फिर उन्होंने विश्व कीर्तिमान के संघर्ष को आगे बढ़ाया तो 7:15 पर 15 मिनट के लिए रणनीतिक तौर पर अपने गुरुओं से गुफ्तगू की। 7:30 पर मंच पर वह फिर आईं और आठ बजे तक 98 घंटे का सफर तय किया।