March 28, 2024

मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना

Faridabad/Alive News : नगरपालिका कर्मचारी संघ ने नगर निगम में विभिन्न पदों पर लगे ठेका प्रथा में 668 कार्यरत कर्मचारियों को हरियाणा सरकार की आउटसोर्सिंग पॉलिसी दो में रखने की मांग को लेकर व निगम प्रशासन द्वारा आमंत्रित किए गए टेंडर के विरोध में और समान काम-सामान वेतन को लेकर निगम मुख्यालय पर दूसरे दिन भी धरना जारी रखा।

आज के धरने में सफाई कर्मचारी यूनियन, सहायक सफाई कर्मचारी यूनियन, मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन, ड्राईवर यूनियन और सीवरमैन यूनियन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और निगम में विभिन्न पदों पर पिछले 10-12 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को अनुबंधित आधार पर रखने की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि अगर सरकार व निगम प्रशासन ने उक्त मांग पूरी नहीं की तो यह धरना अनिश्चितकालीन चलेगा और संघ सरकार व निगम प्रशासन से आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि निगम में वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों की रोजी-रोटी को छीनने नहीं दिया जाएगा।

ठेका प्रथा समाप्त करने और समान काम-समान वेतन देने, कच्चे कर्मचारियो को पक्का करने, पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति करने, सांतवे वेतन आयोग का एरियर देने की मांग पूरी होने तक संघ आंदोलन जारी रखेगा। कार्यक्रम की अध्यक्ष ललित शर्मा ने की।