March 29, 2024

समय-समय पर कराएं मृदा के स्वास्थ्य के जांच

Palwal/Alive News : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल द्वारा 5 दिसम्बर को विश्व मृदा दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हथीन अनाज मण्डी में एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल के उपनिदेशक पवन कुमार शर्मा ने तथा संचालन कृषि विशेषज्ञ डॉ. महावीर सिंह मलिक ने किया। गोष्ठी में किसानों को मृदा संरक्षण, मिट्टी पानी जांच, भूमि स्वास्थ्य कार्ड, कृषि यंत्रों एवं फसल सुरक्षा की जानकारी दी गई।

गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञ एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक तथा कृषि अभियंता ने किसानों को जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया। पवन कुमार शर्मा ने बताया कि 19 फरवरी 2015 को प्रधानमंत्री द्वारा भूमि स्वास्थ्य कार्ड योजना शुरू की गई। जिला में ज्यादातर किसानों को भूमि स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध करवा दिए गए। किसान भूमि स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें। इससे भूमि की सेहत सुधरेगी तथा किसान की लागत कम होगी। उन्होंने कहा कि किसान जैसे अपने स्वास्थ्य की जांच करवाता है उसी प्रकार भूमि की भी जांच कराए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद आधार कार्ड से पोश मशीन द्वारा ही दिया जाएगा।

कृषि विशेषज्ञ डॉ. महावीर मलिक ने कहा कि विश्व मृदा दिवस हमेें मृदा के स्वास्थ्य को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। भूमि की ऊपरी परत जिसमें पौधे व फसले बढती पनपती है मृदा कहलाती है। मृदा में जैविक कार्बन घटता जा रहा है। अत: किसान कार्बनिक खादों का ज्यादा इस्तेमाल करें। ताकि उसकी उत्पादकता बनी रहे। किसान अपने भूमि स्वास्थ्य कार्ड की संभाल अपने राशन कार्ड की तरह करें।

कृषि अभियंता दीपचंद ने किसानों को कृषि यंत्रो पर दी जाने वाली छूट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर किसानों को बिंजाई से पहले जैव उर्वरकों से उपचारित करने बारे बताया। भूमि परिक्षण अधिकारी मनोज कुमार ने पोश मशीन का प्रयोग के बारे में विस्तार से बताया। गोष्ठी में किसानों को फसल अवशेषों का कम्पोस्ट बनाने तथा कृषि अधिकारियों की सलाह से खेती करें तथा खेती के साथ-साथ पशुपालन भी करें। इस अवसर पर महेंन्द्र सौरोत, फिरोजपुर सरपंच उदय प्रधान तथा उपनिदेशक ने किसानों को भूमि स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। जिलास्तरीय कार्यक्रम में बडी संख्या में महिला एवं पुरूष किसानों ने भाग लिया।