March 29, 2024

सांस्कृतिक महाकुंभ से युवा का विकास संभव : राज्यपाल

Kurukshetra/Alive News : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति व हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा है कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का रत्नावली महोत्सव देश की अमूल्य संस्कृति की पहचान बन गया है। इस सांस्कृतिक महाकुंभ से ही युवा पीढ़ी का सर्वांगीण विकास संभव है। जब युवा पीढ़ी का सर्वांगीण विकास होगा तो देश और प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।

राज्यपाल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आडिटोरियम हॉल में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित हरियाणा की शान स्वर्ण जयंती राष्ट्र स्तरीय रत्नावली महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि के रूप में बोल रहे थे।


राज्यपाल ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर विधिवत रूप से 10 से 14 अक्टूबर तक चलने वाले रत्नावली महोत्सव का शुभारंभ किया।

राज्यपाल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संगीत एवं नृत्य विभाग द्वारा तैयार किए गए कुलगीत तथा युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा तैयार किए गए रत्नावली का शीर्षक गीत सीडी का विमोचन किया। राज्यपाल ने हरियाणा के स्वर्ण जयंती वर्ष पर राष्ट्र स्तरीय रत्नावली महोत्सव के शानदार आगाज करने पर  कुलपति डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा सहित उनकी टीम के सभी सदस्यों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए और कैनवस बोर्ड पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा हरियाणा सबसे न्यारा है।

कार्यक्रम में मंच का संचालन डॉ. अशोक शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में कुलपति डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह व पुस्तक भेंट की है। इस मौके पर लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी, एडीसी धर्मवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, कुलसचिव डॉ. प्रवीण कुमार सैनी, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पवन शर्मा, डॉ. डीएस राणा, प्रो. शुचिस्मिता शर्मा, डॉ. श्याम कुमार, डॉ. अनिल गुप्ता, प्रो. तेजेन्द्र शर्मा, प्रो. एसएस बूरा सहित डीन, डायरेक्टर, चैयरमेन, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद थे।