April 24, 2024

डायल 100 नंबर पहुंचेगी पुलिस : संधू

Rakesh Sharma/Alive News
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों तक चंद मिनटों में पहुंचने के लिए अब पंचकूला में डायल 100 पुलिस सैल का गठन किया जाएगा। इस पुलिस सैल के साथ प्रदेश के प्रत्येक जिले को जोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस 600 नए वाहन खरीदे जाएंगे। इस सैल के साथ फायर ब्रिगेड और एंबूलैंस को भी साथ जोड़ा जाएगा।

डीजीपी बी एस संधू रविवार को देर सायं पुलिस लाइन में अधिकारियोंं की बैठक को संबोधित करने से पूर्व पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले डीजीपी बी एस संधू व एसपी अभिषेक गर्ग ने भद्रकाली मंदिर व छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक कर पूजा अर्चना भी की है। डीजीपी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा, महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने और शांति बनाए रखना प्रथम लक्ष्य है। इस लक्ष्य को जहन में रखते हुए राज्य सरकार शीघ्र पंचकूला में डायल 100 पुलिस सैल का कंट्रोल रूम स्थापित करने का जा रही है। इस कंट्रोल रूम के साथ प्रदेश के सभी जिलों को जोड़ा जाएगा और प्रदेश का कोई व्यक्ति किसी भी जगह से इस 100 नबंर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेगा। इस शिकायत के तुंरत बाद जिलों में कंट्रोल रूम के साथ जुड़ा पुलिस सैैल अपराधियों तक पहुंचेगा। इस कंट्रोल रूम में तमाम प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और सभी जिलों के लिए 600 नए वाहन भी खरीदे जाएंगे। इन वाहनों के साथ जिला में फायर ब्रिगेड़ व एंबूलैंस को भी साथ जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाने के लिए और लोगों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रदेश के 300 थानों में मित्र कक्ष स्थापित किए जाएंगें। सभी मित्र कक्ष पुलिस थानों से अलग जगह पर स्थापित किए जाएंगे। इन मित्र कक्षों में आनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकेगी और कई प्रकार की सु्विधाएं आन लाइन ही मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपरेशन दुर्गा की सफलता को देखते हुए इस आपरेशन को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया है और जुलाई माह से इस आपरेशन दुर्गा को गांव स्तर पर चलाया जाएगा। अब तक प्रदेश के शहरों में 120 जगहों की पहचान की गई है जहां पर महिलाओं के साथ छेडख़ानी होती है। इस प्रकार गांव पर स्तर पर इस प्रकार की जगहों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि रोहतक मामले को देखते हुए और अपराधियों को शीघ्र जेल भेजने के लिए अब पुलिस द्वारा एक माह में चालान पेश किया जाएगा तथा तीन माह में ट्रायल की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंचा कसने के लिए एक एसआईटी की गठन किया जा रहा है। इस एसआईटी की कमान एक आईजी स्तर व दो एसपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी जाएगी। अभी हाल में ही भिवानी में 45 लाख की कीमत की 45 क्विंटल भुक्की बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यस्था को ठीक करने के लिए जुलाई माह में कम उम्र के बच्चों के साथ साथ अभिवकों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने माना की हरियाणा में पुलिस फोर्स की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए 5 हजार पुलिस कर्मियों के साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है और 7 हजार नए पुलिस कर्मियों की भर्ती को शुरु किया जा रहा है। इसके अलावा चुतर्थ कर्मियों की भर्ती में शीघ्र की जाएगी। प्रदेश में 40 पुलिस स्टेशन किराए की ईमारत में चल रहे है। इसलिए नए पुलिस स्टेशन का निर्माण करने के लिए संबधित जिला के एसपी की ड्यूटी लगाई गई है।

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में पुलिस अधिकारियो व कर्मचारियों के लिए 3 हजार नए घर बनाएं जाएंगे। इस योजना के तहत कुरुक्षेत्र में भी नए घर बनाने का प्रस्ताव है और शाहबाद व महिला पुलिस स्टेशन में नए घर बनाए जा चुके है। इतना ही नहीं प्रदेश के सभी महिला थानों पर नजर रखी जा रही है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, डीएसपी राज सिंह, डीएसपी नूपुर बिश्नोई, डीएसपी धीरज, डीएसपी जगदीश, पुलिस निरीक्षक राम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।