April 26, 2024

नाबालिग से दुष्कर्म, गर्वभती होने पर हुआ मामले का खुलासा

Yamunanagar/Alive News : थाना छप्पर क्षेत्र के एक गांव में नौवीं कक्षा की छात्रा से आटा चक्की चलाने वाले व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। वह गर्भवती हो गई। तीन माह बाद जब उसे गर्भ की जानकारी हुई तो उसने मौसी को घटना के बारे में बताया। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मुस्तफाबाद के गांव निवासी सुभाष के खिलाफ पोक्सो एक्ट व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 15 साल की बेटी गांव के ही स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। उनके गांव में 48 वर्षीय एक व्यक्ति आटा चक्की चलाता है। जनवरी माह में सुबह उसकी बेटी बाड़े में गोबर डालने गई थी। जब वह घर लौट रही थी तो चक्की मालिक ने उसको गेहूं का कट्टा उठाने के लिए आवाज लगाई। वह जैसे ही अंदर गई तो अभियुक्त ने दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।

अभियुक्त ने उसे धमकी दी कि यदि यह बात उसने किसी को बताई तो वह उसके माता-पिता व भाई को जान से मार देगा। डर के कारण उसने यह बात किसी को नहीं बताई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसकी बेटी तीन माह की गर्भवती हो गई।

2 अप्रैल को बेटी ने यह बात अपनी मौसी को बताई। 3 अप्रैल को मौसी ने परिजनों को जानकारी दी। महिला थाना की एएसआइ बलजीत ने बताया कि की जांच की जा रही है। जल्द ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।