April 20, 2024

26 से 28 नवंबर तक जिला कैरम प्रतियोगिता का आयोजन

Faridabad/Alive News : जिला कैरम संघ की ओर से 26 से 28 नवंबर तक 16वीं स्कूली व 17वीं जिला कैरम प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। इसमें 350 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न 12 वर्गों में भाग लेंगे। इसका आयोजन एनएच-5 स्थित के एल मेहता दयानंद पब्लिक हाई स्कूल में आयोजित होगी।

संघ के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष डॉ. सतीश आहूजा ने बताया कि तीन दिन चलने वाले इस प्रतियोगिता में 30 स्कूलों के 350 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें लडक़ी व लडक़े के आयु वर्ग-14, आयु वर्ग-12, आयु वर्ग-18, पुरूष, महिला एकल व युगल आदि विभिन्न वर्ग में खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को 26नवंबर को होगा। महर्षि दयानंद एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. विमला मेहता प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगी। इस अवसर पर हरियाणा कैरम एसोसिएशन के महासचिव एस के शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। इसकी अध्यक्षता जिला कैरम संघ के जिलाध्यक्ष व प्रिंसिपल डीएवी शताब्दी कॉलेज डॉ. सतीश आहूजा करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 28 नवंबर को होगा।

विजेताओं को विक्टोरा टूल्स इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के एमडी एस एस बांगा पुरस्कार देकर हौसला अफजाई करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महर्षि दयानंद एजुकेशन सोसाइटी की उपाध्यक्ष आनंद मेहता उपस्थित होंगे। हरियाणा कैरम संघ के प्रदेश महासचिव एस के शर्मा ने बताया कि वार्षिक कैलेंडर भी तय कर दिया गया है। इस वर्ष राज्य व अंतर जिला प्रतियोगिता का दिसंबर 2016 के अंत में आयोजित किया जाएगा।

फरवरी 2017 में दिव्यांग कैरम खेल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें नेत्रहीनों के लिए विशेष तौर पर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिला कैरम संघ के महासचिव महेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी 12 वर्गों की प्रतियोगिताएं नॉक आउट आधार पर खेली जाएंगी। लडक़े व लड़कियों के वर्गों की प्रतियोगिताओं के हर मैच के लिए 35 मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है। सभी वर्गो के ड्रा उदघाटन समारोह के बाद वितरित किए जाएंगे। इसके लिए 24 कैरम बोर्ड की व्यवस्था की गई। कैरम संघ के सचिव आर के मंगला ने बताया कि सभी 12 वर्गों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को ट्राफी व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। संयोजक सी पी कटारिया ने बताया कि कैरम संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सतीश आहूजा के कार्यभार संभालने के बाद संघ की नई कार्यकारिणी में एक नया उत्साह आया है।

इस अवसर पर जिला कैरम संघ के कोषाध्यक्ष डी एस धपोला,  उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, जय कुमार शर्मा, डॉ. मीनू कपूर, संयुक्त सचिव रेखा कुमारी आदि उपस्थित थे।