May 2, 2024

21 से 24 अक्तूबर तक ग्रे-फाल्कन में दीवाली मेले का आयोजन

Faridabad/Alive News : हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा दीपावली के मौके पर पर्यटन केन्द्र बडख़ल झील स्थित ग्रे-फाल्कन रैस्टोरेन्ट के परिसर में आगामी 21 से 24 अक्तूबर 2016 तक चार दिवसीय दीवाली मेला आयोजित किया जायेगा। दीपावली मेले का आयोजन रोहतक के मैना पर्यटन केन्द्र तथा करनाल के ओएसिस (कर्ण लेक) में भी किया जायेगा। यह जानकारी हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबन्ध निदेशक समीर पाल सरों ने दी है।

उन्होंने बताया कि मेले में एन्ट्री फ्री रहेगी। मेले में सभी वर्ग के व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जायेगा। बच्चों के लिए झूलें व राईडिंग आदि सहित अन्य खेलो का प्रबन्ध भी किया जायेगा। हरियाणवी संस्कृति से भी इस कार्यक्रम में लोगो को रूबरू कराया जायेगा। मेला सुबह 11:00 बजे से सांय: 09:00 बजे तक लगेगा। लोग सांय: 05:00 बजे से 09:00 बजे तक आयोजित की जाने वाली सांस्कृतिक संध्या का लुत्फ उठा सकेगें।

20-photo-6

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जाने माने गीतकार एवं कवि दिनेश रघुवंशी द्वारा संचालित किए जाने वाले कवि सम्मेलन के अलावा हरियाणवी डांस, नाटक तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छठा भी प्रदेश के उम्दा कलाकारों द्वारा बिखेरी जायेगी। उन्होंने कहा कि इस मेले में लगभग 100 स्टॉल लगाये जायेंगे जिन पर दीपावली पर्व से सम्बन्धित सामग्री भी उपलब्ध होगी।

मेले में फूड कोर्ट के स्टाल भी बनाये जायेंगे और मेला पर्यटक हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से उपलब्ध कराये जाने वाले लजीज व्यंजनों का भी लुत्फ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली हमारी भारतीय संस्कृति में रोशनी की जगमगाहट के साथ-साथ भगवान श्रीगणेश व माता लक्ष्मी के वैभव एवं उपासना से भी जुड़ा त्यौहार है। हरियाणा पर्यटन विभाग द्वाराइस प्रकार के मेले के आयोजन का निर्णय पहली बार लिया गया है। सरों ने लोगों से अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में पहुंच कर इस अवसर का भरपूर लाभ उठायें।