April 27, 2024

आर्थिक आधार पर हो आरक्षण की व्यवस्था : ओ.पी.शर्मा

फरीदाबाद : ब्राह्मण समाज के संयोजक एडवोकेट ओ.पी.शर्मा ने कहा कि एकता में ताकत होती है। इस ताकत को दिखाने का अवसर आ गया है। ब्राह्मण समाज ने हमेशा से समाज, देश व दुनिया को राह दिखाने का काम किया है। अब अपनी मांगों को लेकर आगे आना होगा। हाल ही में हुए प्रदेश में अराजक आंदोलन ने प्रदेश की सामाजिक समरसता को छिन भिन्न करने का काम किया। आरक्षण के लिए हिंसा सभ्य समाज के ताने-बाने को खत्म करती है। अब जातिगत आरक्षण को खत्म करने की जरूरत है।

आर्थिक आधार पर आरक्षण की अलख ब्राह्मण समाज के युवाओं के साथ मिलकर जागाएगी। इसका शुभारंभ हो चुका है। वे मंगलवार को ब्राह्मण युवा संगठन की ओर से आयोजित एकता संदेश रैली को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन दशहरा ग्राउंड में किया गया था। जिला ब्राह्मण सभा फरीदाबाद के अध्यक्ष पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। युवाओं को सभ्य समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए आगे आने की जरूरत है।

इस तरह से एकजुटता का परिचय देने की जरूरत है। इस प्रयास से समाज के युवाओं में जागरूकता आएगी। संस्था के मुख्य संरक्षक सुरेंद्र शर्मा बबली ने कहा कि ब्राह्मणों की धैर्य की परीक्षा राजनीतिक दल ने लें। ब्राह्मण समाज को अपना अधिकार लेने आता है। इस समाज ने हमेशा समाज व राष्ट्रहित की बात की है। विश्व ब्राह्मण संघ के अध्यक्ष पंडित अनिल शर्मा ने कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण ही सभी समस्याओं का निदान है। मंच संचालन ब्राह्मण युवा संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट पंकज पाराशर ने किया।

उन्होंने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर पंडित मनीष शर्मा, हरीश शर्मा, सुमित गौड़, आशा शर्मा, अनिता शर्मा, अतुल वशिष्ठ, ललित बघौला, कृष्ण पाराशर, रमन भारद्वाज, टी पी भारद्वाज, महेश शर्मा, अजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।