April 26, 2024

शिक्षामंत्री व अधिकारी सप्ताह में एक दिन कक्षाओं का करेंगे अवलोकन

Faridabad/Alive News : हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत करना एवं शिक्षा को गुणवत्तापरक बनाना हरियाणा सरकार की एक अहम प्राथमिकता है और इस दिशा में प्रदेश के प्रयास सतत रूप से जारी है। नई दिल्ली में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री व केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रकाश जावडेकर की अध्यक्षता में हुई 65वीं केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड की बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने हरियाणा प्रदेश में शिक्षा के विकास एवं विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा क्रियान्वित की गई योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने बैठक में बताया कि हरियाणा सरकार हरियाणा क्षेत्र को खेलों के हब के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध रूप से कार्य कर रही है। खेलों के विकास के साथ सामानांतर रूप से कला एवं संस्कृति के विकास के लिए भी हरियाणा में सूर्यकवि पंडित लख्मी चंद के नाम पर एक विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जाएगा। हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने कहा कि वे स्वयं व शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी सप्ताह में एक घंटा किसी विद्यालय या शिक्षण संस्थान में कक्षाओं का अवलोकन करते हैं।

आगामी समय में वे प्रतिदिन एक घंटा कक्षाओं का अवलोकन करेंगे। हरियाणा के शिक्षा मंत्री द्वारा हरियाणा में शिक्षा के गुणवत्तापरक विकास की दिशा में केंद्र से वित्तिय सहायता के संदर्भ में प्रतिक्रिया करते हुए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले राज्यों के लिए केंद्र योजना बनाई जा रही है और इस दिशा में राज्यों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड की बैठक को
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलौत, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भी संबोधित किया। बोर्ड की 65वीं बैठक में विभिन्न राज्यों के शिक्षा मंत्रियों व केंद्र शासित प्रदेशों से उच्चाधिकारियों ने भाग लिया।