March 29, 2024

फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी तूफ़ान में हुआ लापता

Aagra : पांच दिन पहले आए तूफान के दौरान एक और युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी युवक छोटे भाई की शादी के कार्ड बांटने निकला था। परिजनों की शक की सुई युवक को शहर लेकर आए उसके दोस्तों पर है। शमशाबाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

शमसाबाद के इसौली गांव निवासी 28 वर्षीय देवी सिंह रघुवंशी पुत्र कालीचरन एक फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं। उनके छोटे भाई मुन्ना की 20 अप्रैल को शादी है। परिजनों के मुताबिक देवी सिंह 11 अप्रैल की सुबह बाइक पर कार्ड बांटने निकले थे। उन्हें शमसाबाद के गांव कुतुकपुर, गुबरारी, भनपुरा और गढ़ी में कार्ड देने थे। रास्ते में मिले चार दोस्त देवी सिंह को अपने साथ लेकर चले गए।

देर रात तक जब वह नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। दोस्तों से जानकारी करने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई। चचेरे भाई बंटी ने बताया इसके बाद परिवार के लोगों ने अपने स्तर से छानबीन शुरू कर दी। उन्हें पता चला कि दोस्त देवी सिंह को सदर लेकर आए थे। वहीं, राजपुर चुंगी स्थित एक मिठाई की दुकान एवं बीयर बार पर भी देखे गए थे।

शाम पांच बजे तक देवी सिंह को उनके साथ देखा गया था। इसके बाद से वह गायब हो गया। मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और बाइक भी नहीं मिली। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है। उन्हें शक है कि दोस्तों ने उसके साथ कोई घटना कर दी है।

बता दें, 11 अप्रैल को ही तूफान के दौरान सिकंदरा स्थित जूता फैक्ट्री का सुपरवाइजर लापता हो गया था। ताजगंज के शमसाबाद स्थित पावन धाम निवासी विकास शर्मा की लाश शनिवार को कोठी मीना बाजार के नाले में मिली थी।

तलाश में जुटी 20 लोगों की टीम

देवी सिंह की तलाश में परिवार और गांव के लोगों की 20 सदस्यीय टीम चार दिन से जुटी है। शहर के सभी अस्पताल खंगालने के साथ ही टीम थानों में जाकर लावारिस लाश या बाइक मिलने की जानकारी कर चुकी है। सभी जगह से उसे निराशा हाथ लगी।

आज है लगुन सगाई

देवी सिंह के छोटे भाई मुन्ना की सोमवार (आज) लगुन सगाई है। इसे लेकर परिवार के लोग असमंजस में दिखे। कुछ रिश्तेदार सगाई करने के पक्ष में थे। जबकि कुछ देवी सिंह का पता लगने तक इसे टालने के पक्ष में थे। हालांकि सगेसंबंधियों का कहना था कि उन्हें खुद नहीं मालूम कल क्या होगा।

पत्नी और बच्चों का बुरा हाल

पांच दिन से लापता देवी सिंह को लेकर उनकी पत्नी ऊषा और बेटे-बेटी का बुरा हाल है। छह साल के बेटा और तीन वर्षीय बेटी ने खाना-पीना छोड़ रखा है।