April 26, 2024

YMCA विश्वविद्यालय की छात्राओं ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

Faridabad/Alive News : वाईएमसीए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, फरीदाबाद के महिला प्रकोष्ठ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में लगभग 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ अंजू गुप्ता की देखरेख में महिलाओं से जुड़े विषयों पर निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग व स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़़-चढक़र हिस्सा लिया। विद्यार्थियों द्वारा महिलाओं से संबंधित विषयों पर लघु नाटिका व कविताएं भी प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्यरत डॉ. दुर्गा ए सिन्हा मुख्य वक्ता रही तथा महिला सशक्तिकरण व अधिकारों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। महिला दिवस पर संदेश में कुलपति प्रो.दिनेश कुमार ने कहा कि महिला दिवस समाज में महिलाओं के योगदान को पहचान देने का दिन है। महिलाओं को साहस, आशा व जीवन के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।

उन्होंने कहा कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में हम सभी को समाज में महिलाओं की स्थिति को सम्मानजनक बनाने तथा उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के प्रण लें। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता के विजेताओं को कुल सचिव डॉ.संजय कुमार शर्मा ने पुरस्कृत किया तथा उनकी रचनात्मक कृतियों की प्रशंसा की।