April 20, 2024

गुर्जर ने अम्बेडकर संदेश यात्रा और भीम ऐप से किया लोगों को जागरूक

Faridabad/Alive News : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैशलेश मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर-24 के गांव अगवानपुर में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के 126वें जयंती समारोह में लोगों को डिजिटल लेनदेन के अंतर्गत भीम ऐप कैशलेश ट्रांजेक्शन को अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने डॉ.अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया।

इस मौके पर गुर्जर ने नगर निगम की ओर से 14 लाख रुपए की लागत से आरएमसी विधि से पक्की सीमेंटिड बनाई जाने वाली इस गांव की फिरनी की सडक़ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और बी.आर.अम्बेडकर संदेश यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह संदेश यात्रा गांव अनंगपुर में बी.आर. अंबेडकर प्रतिमा स्थल से शुरू होकर जगमाल कालोनी, रोशन नगर व अन्य आबादियों की गलियों से होते हुए शुभारंभ स्थल पर आकर संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के सैंकडों लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर फरीदाबाद नगर निगम की महापौर सुमन बाला, वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी, पार्षद सोमलता भडाना, मुनेश भड़ाना व अजय बैंसला प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

कृष्णपाल गुर्जर ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब बी.आर.अम्बेडकर एक ऐसी शख्शियत थे जिनके अथाहा विधिक ज्ञान और सत्य व अंहिसा की प्रबल भावना से पूरा विश्व आज भी अंचभित है। उनके कुशल नेतृत्व में बनाई गई 300 सदस्यीय संविधान निर्मात्री सभा के क्रियांवयन के फलस्वरूप आजाद भारत का एक ऐसा अनूठा संविधान तैयार किया गया, जिसमें सभी जाति धर्म एवं वर्गों से संबंधित लोगों के हित एवं अधिकार बाखूबी समाहित है। उनके प्रति पूरे राष्ट्र के अलावा लोकतंत्र में गहरी आस्था रखने वाले कई अन्य देश भी दिल से नतमस्तक होते हैं। गुर्जर ने इस मौके पर भीम ऐप का शुभारंभ करके लोगों को उनके मोबाइल पर इसके संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक तो सुबह 10 से सायं 5 बजे तक ही सेवा दे पाते हैं लेकिन भीम ऐप तो लोगों के पास एक बटुआ स्वरूप 24 घंटे उपलब्ध रहेगा।

गुर्जर ने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली, नागपुर व मुंबई जैसे स्थानों पर सैंकडों करोड़ रुपए की लागत से 5 भव्य बी.आर.अम्बेडकर यादगार भवन बनाने का अनूठा निर्णय लिया है। इनसे हमारी भावी पीढ़ी को डॉ. अम्बेडकर के वैभवशाली व्यक्तित्व को नजदीक से जानने का मौका मिलेगा। समारोह को भाजपा नेता ज्ञानचंद भड़ाना, रवि भड़ाना, ब्रहम प्रधान, रवि कुमार भड़ाना व राजपाल नागर ने भी संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गुर्जर का हार्दिक स्वागत व्यक्त किया। ग्राम वासियों ने गुर्जर के अलावा मेयर सुमन बाला, वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी, पार्षद अजय बैंसला, सोमलता भड़ाना व मुनेश भड़ाना को फूल मालाएं भेंट कर उनका भव्य एवं जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता सतबीर नागर, मुकेश तंवर, विनोद गुप्ता, पं. उमेश सरपंच, विनोद अवाना, श्यामचंद भडाना, प्रमोद तंवर, दीपक पाराशर, संजय अवाना, फूलचंद भडाना, अशोक शर्मा व महेंद्र प्रधान सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।