April 26, 2024

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष बराला का आज होगा इस्तीफा!

  • सुभाष बराला को होने वाले मंत्रीमंडल विस्तार में मंत्री बनाया जाना तय था।
  • बेटे की करतूतों ने सुभाष बराला के राजनैतिक जीवन पर डाला प्रतिकूल प्रभाव।
  • आगामी विधानसभा में देखने को मिलेंगे विपरीत परिणाम।
  • CM के बचाव भरे बयान ने किया आग में घी का काम।

Deepak Sharma/Alive News 

Faridabad : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सुभाष बराला का आज शाम अध्यक्ष पद से इस्तीफा होने की पूरी संभावना है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस मामले में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बराला के इस्तीफे की मांग पर अड़ी है। हालाँकि विपक्ष के दबाव में सुभाष बराला को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली तलब किया था। दूसरी ओर पार्टी हाईकमान की अंदरूनी खबर के अनुसार सुभाष बराला को इस्तीफा देने के लिए तैयार कर लिया है! हरियाणा भाजपा सूत्रों के हवाले से माना यह भी जा रहा था कि सुभाष बराला को होने वाले मंत्रीमंडल विस्तार में मंत्री बनाया जाना तय था। लेकिन बेटे की करतूतों ने सुभाष बराला को कही का नहीं छोड़ा।

इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अब बीजेपी नेता के बचाव में उतरे हैं। खट्टर ने कहा कि बेटे के अपराध की सजा बीजेपी नेता बराला को देना ठीक नहीं है। खट्टर ने कहा, “मुझे इस घटना के बारे में जानकारी मिली है। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और मेरा विश्वास है कि पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। यह मामला सुभाष बराला से जुड़ा हुआ नहीं है बल्कि हर इंसान से जुड़ा हुआ है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

उधर, सुभाष बराला के इस्तीफे से पहले ही हरियाणा में नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें लगाई जा रही है। प्रदेश भाजपा में शनिवार रात से ही चर्चाओं का बाजार गर्म है। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष का पद किस जिले में जायेगा, इस पर प्रदेश भाजपा के नेता तरह- तरह के कयास लगा रहे हैं। प्रदेश भाजपा के नेताओ ने अपने- अपने आकाओं के घर हाज़री लगानी शुरू कर दी है। यह इस्तीफा हुआ तो रामविलास शर्मा को अध्यक्ष बनाया जाना तय माना जा रहा है।यदि रामविलास नहीं मानते हैं तो फरीदाबाद की झोली में भी यह पद आ सकता है। फरीदाबाद में प्रदेश भाजपा के महामंत्री संदीप जोशी और पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गौड़ को भी अध्यक्ष पद की दौड़ में माना जा रहा है।
ज्ञात रहे कि बीजेपी नेता सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को लड़की का पीछा करने और परेशान करने के आरोप में शुक्रवार देर रात चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़िए : परिवार की जैसी बेल, उस पर वैसे ही लगते हैं फल : बीजेपी सांसद

पुलिस ने पीड़ित युवती को शनिवार को अदालत में पेश किया जहां सीआरपीसी की धारा 164 के तहत लड़की के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक लड़की के बयान के बाद पहले से दर्ज मुक़दमे में आईपीसी की धारा 341 भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने अभियुक्त विकास बराला के भाजपा नेता का बेटा होने की पुष्टि की है। विकास बराला चंडीगढ़ में रहकर क़ानून की पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त और पीड़ित के बीच पहले से कोई जान पहचान नहीं है। पुलिस ने बताया कि लड़की का पीछा करने के दौरान दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। हालांकि दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई है। लड़की की शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने विकास और उसके दोस्त के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 D (गलत इरादे से पीछा करना) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत शिकायत दर्ज की है। यह दोनों धाराएं जमानती हैं, जिसके चलते दोनों आरोपियों को उसी दिन जमानत दे दी गई।

पाठक अपनी राय और प्रतिक्रिया हमारी मेल alivenews30@gmail.com
पर भी भेज सकते हैं