April 24, 2024

किसानों की पेमेंट को हरियाणा सरकार ने RBI से मांगे 4900 करोड़

Chandigarh/Alive News : हरियाणा की मंडियों में अधूरे इंतजामों के बीच गेहूं-सरसों की सरकारी खरीद आज शनिवार से शुरू हो जाएगी। प्रदेश सरकार ने विभिन्न एजेंसियों की सहायता से 75 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है। किसानों को 1625 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से 4900 करोड़ रुपये मांगे गए हैं। मंडियों में गेहूं-सरसों की खरीद के लिए सरकारी स्तर पर पुख्ता इंतजाम के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर तस्वीर कुछ और ही है। न तो किसानों को मंडियों तक पहुंचाने वाली सडक़ों की हालत सुधरी और न ही बिजली-पानी व साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त हुई है।

किसानों को टूटी-फूटी सडक़ों से ही अनाज की ट्रॉलियों को लेकर मंडियों तक पहुंचना पड़ेगा जिससे हादसों की आशंका रहेगी। दूरदराज की मंडियों में स्थिति अधिक खराब है। किसानों के लिए विश्राम की व्यवस्था तक नहीं हो पाई है। इसके अलावा पीने की पानी व शौचालय की व्यवस्था भी बुरी तरह बिगड़ी है। विभिन्न स्थानों पर चार दीवारी टूटी होने से अनाज के चोरी होने का खतरा है। खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज का कहना है कि सरकार ने किसानों की फसल खरीदने के लिए मंडियों में पूरे इंतजाम किए हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग तथा हैफेड 33-33 फीसद, हरियाणा भंडागार निगम और भारतीय खाद्य निगम 12-12 फीसद और हरियाणा कृषि उद्योग निगम दस फीसद गेहूं की खरीद करेगा। सभी एजेंसियों को समुचित मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराते हुए सभी मंडियों में श्रमिक व परिवहन की व्यवस्थाएं की गई है। किसी किसान को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।