April 26, 2024

भाजपा के गढ़ में हुड्डा ने लगाई सेंध !

हुुड्डा का शक्ति प्रदर्शन तंवर ग्रुप पर भारी

Faridabad/Alive News : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के शक्ति प्रदर्शन ने भाजपा की चूल हिला दी है। भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले बल्लभगढ़ की अनाज मण्डी में किसान मजदूर पंचायत का सफल आयोजन कर संकेत दे दिए है कि आगामी विधानसभा में उनके रथ को बल्लभगढ़ में भाजपा रोक नहीं पायेगी। वे अब तक 9 जिलों में किसान मजदूर पंचायत का सफल आयोजन कर चुके है। इनमें एक-एक व्यापारी व अनुसूचित जाति की पंचायते भी शामिल है।

हुड्डा ग्रुप के नेताओं ने एडी-चोटी का जोर लगाकर बल्लभगढ़ की अनाज मण्डी में किसान मजदूर पंचायत को महारैली का रूप देकर अपना राजनीति भविष्य मजबूत कर लिया है। बहरहाल, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने राजनैतिक रूप से बयान देकर स्पष्ट किया था कि कांग्रेस की रोजी-रोटी बचाओं रैली के बाद फरीदाबाद-बल्लभगढ़ में कोई रैली नहीं है।

अशोक तंवर एक सप्ताह पहले ही फरीदाबाद में रैली निकालकर अपना शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन हुड्डा की किसान मजदूर पंचायत ने तंवर के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भाजपा के गढ़ में पंचायत को महारैली का रूप दे दिया।

फरीदाबाद हरियाणा प्रदेश में भाजपा का गढ़ इसीलिए माना जाता है क्योंकि भाजपा की कमान सासंद कृष्णपाल गुर्जर जोकि केन्द्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री हैं। इतना ही नहीं फरीदाबाद में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी प्रदेश का उद्योग संभाल रहे है।

इसके अलावा दो विधायक सीमा त्रिखा और मूलचंद शर्मा भाजपा के मजबूत स्तम्भ है और तीन चेयरमैन है। उल्टा भाजपा का कब्जा नगर निगम पर भी है, उसके बावजूद भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में रैली कर भाजपा को आगाह किया है कि कांग्रेस अगले विधानसभा में भाजपा से नही रूकेगी।