April 25, 2024

स्वतंत्र पत्रकारिता, शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रखती है नजर : CM

Faridabad/Alive News : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दैनिक हिंदी समाचार पत्र पायनियर के हरियाणा संस्करण का लोकार्पण करते हुए कहा कि समाज को मीडिया से सदैव जनजागरण व जनशिक्षण की अपेक्षा रहेगी। फरीदाबाद के सेक्टर-24 में आयोजित पायनियर हरियाणा संस्करण के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली के तीन स्तम्भों को मजबूत रखने के लिए पूरे विश्व में स्वतंत्र पत्रकारिता का अस्तित्व है। स्वतंत्र पत्रकारिता सदैव शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नजर रखती है और जनता के समक्ष उनका परिदृश्य प्रस्तुत करती है।

मीडिया समाज को समय-समय पर उपयोगी सूचनाएं उपलब्ध करवाता है। वर्तमान में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया व सोशल मीडिया के विस्तार के परिणामस्वरूप जन सामान्य तक तीव्र गति से सूचनाएं पहुंचती हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता आन्दोलन के दौरान राष्ट्रभक्ति जागृत करने की दिशा में पत्रकारिता की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि देश को स्वतंत्र कराने में पत्रकारिता की सराहनीय भूमिका रही है। मीडिया समाज का आईना प्रस्तुत करता है। मीडिया का समाज के प्रति अहम कर्तव्य एवं दायित्व होता है। समाज को सही दिशा देने में मीडिया की सदैव अहम भूमिका होनी चाहिए। पत्रकारिता की श्रेष्ठ परंपराओं एवं मर्यादाओं का सदैव पोषण एवं सरंक्षण किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक के आदर्श पर चलते हुए एक नई व्यवस्था कायम करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था कायम करने के लिए 170 से अधिक ई-सेवाओं का शुभारंभ किया गया है और ई-गवर्नेंस प्रणाली को विस्तार देने के परिणामस्वरूप विभिन्न सेवाएं समयबद्घ रूप से उपलब्ध हो रही है। जिससे सरकारी सेवाओं पर सामान्य जन का विश्वास मजबूत हुआ है। पायनियर समूह के प्रबंध संपादक डा. चंदन मित्रा ने भी समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा, विधायक मूलचंद शर्मा, नगर निगम फरीदाबाद की महापौर सुमन बाला भी मौजूद थी। मुख्यमंत्री ने समारोह में विभिन्न संबंधित क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रतिमा मोहंती, दिशा श्रीवास्तव व मोनिता को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य तथा मुख्यमंत्री के निजी सचिव अभिमन्यु को आयोजकों की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समारोह में पायनियर समूह के स्थानीय संपादक मलिक असगर हाशमी व स्थानीय प्रबंध निदेशक प्रदीप मोहंती भी मौजूद थे।