April 25, 2024

किसानों को दी गई कृषि तकनीकों व कार्यों की जानकारी

Palwal/Alive News : कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) कृषि एवं कल्याण विभाग द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित कर किसानों को कृषि तकनीकों व कृषि कार्यों के  बारे में उपयोगी जानकारियां दी गई। मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वे कृषि विशेषज्ञों की सलाह पर नई कृषि तकनीकों का उपयोग कर कृषि  उत्पादन में वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि जब तक देश का किसान खुशहाल नहीं होगा तब तक देश खुशहाल नहीं होगा।

इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों की लगाई गई प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष हरीप्रकाश गौतम तथा उपायुक्त मनीराम शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत ने अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला ने मेले में उपस्थित सभी किसानों को फसलों के अवशेष न जलाने के लिए शपथ भी दिलाई। उन्होंने 11 किसानों को मौके पर कृषि यंत्र पर मिलने वाली सब्सिडी के चैक वितरित किए।

इस मौके पर होडल की उपमंडल अधिकारी प्रीति, मार्किट कमेटी पलवल के चेयरमैन रणबीर सिंह मनोज, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष यशपाल मावई, पलवल निगरानी समिति के चेयरमैन मुकेश सिंगला, कृषि विकास अधिकारी डॉ. नवीन डागर, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. देशवाल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार, पवन अग्रवाल मुख्य रूप से मौजूद थे।

किसान मेले में कृषि विभाग के उपनिदेशक पवन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम के आए हुए अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेट कर आभार व्यक्त किया। कृषि वैज्ञानिकों व कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को कृषि कार्यों व कृषि योजनाओं बारे उपयोगी जानकारियां दी। वहीं कृषि अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि अपनी फसल का बीमा करवाने से किसी भी तरह की आपदा में फसल में हुए नुकसान की मुआवजा राशि से भरपाई की जा सकती है इसलिए सभी किसान अपनी फसल का बीमा अवश्य करवाएं।

किसान मेले में कृषि विज्ञान केंद्र मिंडकोला के कॉडिनेटर डॉ. बीके शर्मा ने खरीफ और रबी की फसल गेंहू और सरसों की पौध संरक्षण, डॉ. आरएस रमन कृषि विशेषज्ञ ने मृदा कार्ड के बारे, डॉ. रेखा दहिया पशुपालन, डॉ. संजीव कुमारी जैविक खेती, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एसडी आर्य ने कृषि के क्षेत्र में बैंकों की उपयोगिता, प्रगतिशील किसान क्लब के अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल ने भी किसानों को आधुनिक खेती के बारे में जागरूक किया।