March 29, 2024

जनजागरण अभियान : अन्धविश्वास दूषित मानसिकता वाले व्यक्ति की उपज

Faridabad/Alive News : लक्ष्य की बाराबंकी टीम द्वारा बहुजन जनजागरण अभियान के तहत एक दिवसीय कैडर कैंप का आयोजन उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी के गांव ककरहिया में किया गया। जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। सीतापुर से आईं लक्ष्य कमांडर मुन्नी बौद्ध ने शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के मनुष्य जानवर की तरह है, जो अपने आप अपना मार्ग नहीं चुन सकता है। बहुजन समाज को जरूरत शिक्षा के प्रकाश को अपने जीवन में अपनाने की।

इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की शिक्षा पर भी जोर दिया तथा लोगों से अपील करते हुए कहा की वो अपने बच्चों को अवश्य शिक्षित करें और बेटियों को भी ऊंची स्तर तक शिक्षा दिलायें तभी जाकर बहुजन समाज का भला हो सकता है। लक्ष्य कमांडर रेखा आर्या ने बाबा साहेब डॉ. भीम राव अम्बेडकर के संघर्ष को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश वासियों को विश्व का एक बेहतरीन सविंधान दिया है।

जिसमें सभी नागरिकों को एक सामान अधिकार मिले हैं। उन्होंने बहुजन समाज और महिलाओं के अधिकारों के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उन्होंने अन्धविश्वास पर प्रहार करते हुए कहा कि ये मनुष्य के विकास के मार्ग में बहुत बड़ी रुकावट है। इस मौके पर संघमित्रा गौतम, आर. एल. बौद्ध ने कहा कि ये अन्धविश्वास कुछ दूषित मानसिकता वाले लोगों के दिमाग की उपज है, ताकि लोगों को बेवकूफ़ बनाकर अपना उल्लू सीधा कर सकें।

उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में उन लोगों को कहा कि वो अपनी ओछी आदत को बदल लें क्योकि अब ये ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है अब लोग अन्धविश्वास के प्रति जागरूक हो रहे हैं। गांव की राम देवी ने लक्ष्य की महिला कमांडरों का अपने गांव की ओर से धन्यवाद किया और उनके साथ मिलकर कार्य करने का आश्वासन भी दिया।