March 29, 2024

जापानी दल को आयुर्वेद का ज्ञान देगा जीवा

Faridabad/Alive News : सैक्टर-21बी स्थित जीवा आयुर्वेद संस्थान में चार जापानी छात्रों का एक दल सात दिन के लिए भारत आया है। ये सभी जापानी छात्र ‘आयुर्वेद एंड कॉन्शियस’ कोर्स करने के लिए जीवा आयुर्वेद संस्थान में आए हैं। इस दल का नेतृत्व चीए मोम्बू कर रही हैं। यह सर्व प्रचलित है कि स्वास्थ्य धन सबसे अनमोल है।

भारतीय संस्कृति में स्वस्थ शरीर को बहुत महत्ता दी जाती है। इन विदेशी छात्रों को उनके कोर्स के दौरान उनकी शारीरिक प्रवृत्ति के अनुसार भोजन करना सिखाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए मंदिरों के दर्शन भी करेंगे। उनको व्यायाम के महत्व तथा दिनचर्या के नियमों से अवगत कराना भी इस कार्यक्रम में शामिल है।

सभी छात्रों को आयुर्वेदिक तरीके से भोजन बनाना एवं ग्रहण करना भी सिखाया जाएगा। इन्हें आयुर्वेद की कई प्रमुख विषयों जैसे शिरोधारा, अभ्यनगा, मस्तिष्क मालिश व नास्या से अवगत कराया जाएगा। इसके अलावा उनके प्रतिदिन के कार्यक्रम में योगाभ्यास भी शामिल है जिसका ज्ञान उन्हें योगाचार्य हरीश मोहनजी देंगे।

इस अवसर पर विद्यालय की उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, योगाचार्य हरीश मोहनजी, डाक्टर मुकेश, प्रोग्राम हेड काजल चौहान, संयोजक शगुन मेहन्दीरत्ता और अनिल तनेजा उपस्थित थे। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों का परंपरागत एवं भव्य स्वागत किया।