April 19, 2024

तीन गोल्ड मैडल जीत प्रदेश के लिए गौरव बनी कंचन लखानी

Faridabad/Alive News : जयपुर में पैरा ओलंपिक गेम में शार्टपुट थ्रो, डिस्कस थ्रो और जैबलिंग थ्रो में तीन गोल्ड मैडल हासिल करने वाली फरीदाबाद की खिलाडी कंचन लखानी का आज उनके निवास पर जाकर केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गूर्जर एवं एनआईटी के विधायक नगेन्द्र भड़ाना बुके देकर मुबारकबाद दी। इस अवसर पर गूर्जर ने कहा कि कंचन लखानी से अन्य को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कंचन के हौसले व हिम्मत की दाद देनी चाहिए जिन्होंने इस हालात में भी अपने आपको कमजोर नहीं बनने दिया और आज देश व प्रदेश के लिए गौरव बनी है। उन्होंने कहा कि वह कंचन लखानी को पूर्ण आश्वासन दिलाते है कि सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उन्हें दिलाया जायेगा।

इस मौके पर विधायक नगेन्द्र भडाना ने कहा कि तीन गोल्ड मैडल लाकर न केवल अपने परिवार पिता सुनील लखानी, माता पुष्पा लखानी का नाम रोशन किया बल्कि हरियाणा प्रदेश, फरीदाबाद सहित एनआईटी विधानसभा 86 का नाम भी रोशन किया है जिसके लिए समस्त एनआईटी विधानसभा क्षेत्र कंचन लखानी का आभार जताते हैं। कंचन लखानी ने गोल्ड मैडल जीतने का श्रेय अपना कोच के मास्टर नरसिंह राम और अपने परिवार और जवाहर कालोनीवासियों को दिया।

उन्होंने कहा कि कोच के सर नरसिंह राम जो फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह स्टेडियम में फ्री कोचिंग देते है। कंचन लखानी न केवल खेलों में अपनी कोचिंग करती है अपितु वह गरीब बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाई की कोचिंग भी देती है। इस मौके पर कंचन लखानी के पिता मनोहर लाल लखानी, माता पुष्पा लखानी, भाई सुनील लखानी व कमल लखानी, भाभी पूजा व शिल्पी लखानी ने केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गूर्जर एवं विधायक नगेन्द्र भडाना का आभार जताया। इस अवसर पर पार्षद वीर सिंह नैन, नीरज भाटिया सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।