April 27, 2024

अगले सत्र से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में नहीं होगी शिक्षकों की कमी

Kurukshetra/Alive News : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अगले सत्र से शिक्षकों की कमी को दूर करने की तैयारी विश्वविद्यालय प्रशासन ने कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षकों के 106 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय की स्थापना शाखा की ओर से शिक्षकों की भर्ती को जल्द पूरा करने के लिए आवेदनों की छंटनी का कार्य शुरू कर दिया है। जिससे साफ है कि वर्ष 2018 के पहले ही माह में परीक्षा और उसके बाद साक्षात्कार शुरू होने की उम्मीद है। जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि अगले वर्ष मई-जून में शुरू होने वाले सत्र तक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया का संपन्न कर दिया जाएगा।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षकों की कमी को देखते हुए चार जुलाई 2017 में 106 पदों पर आवेदन मांगे थे। जिनमें 22 पद प्रोफेसर के, 47 पद एसोसिएट प्रोफेसर और 47 पद असिस्टेंट प्रोफेसर के हैं। इन पदों पर प्रदेश भर से आवेदकों ने आवेदन किए हैं। दिसंबर के अंत तक पूरी हो सकती है। कुवि प्रशासन की ओर से इस बार असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए 100 अंकों की परीक्षा ली जाएगी। जिसके लिए भी बाहर की एजेंसी ली जा सकती है। इसके बाद ही इन पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।

2012 के बाद अब होगी कुवि में बड़ी भर्ती
कुवि प्रशासन की ओर से वर्ष 2012 में लगभग 70 शिक्षकों की भर्ती की थी। उसके बाद इक्का-दुक्का भर्ती तो हुई, लेकिन बड़ी भर्ती नहीं हुई थी। हालांकि एक दो बार कुवि प्रशासन की ओर से भर्ती करने के दावे तो किए, लेकिन भर्ती प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो पाई। लगभग पांच वर्ष बाद ही कुवि प्रशासन की ओर से भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया गया है।

नैक की टीम आने से पहले निकाली भर्ती
विश्वविद्यालय में वर्तमान समय में लगभाग 390 नियमित शिक्षक कार्य कर रहे हैं। जबकि लगभग इतने ही लगभग 350 शिक्षक अनुबंध पर कार्य कर रहे हैं। इससे साफ है कि विश्वविद्यालय में अब भी लगभग आधे पद खाली हैं। विश्वविद्यालय में सितंबर में नैक की टीम का दौरा था। शिक्षकों की कमी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जुलाई में ही भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया था।

तेजी से किया जा रहा है कार्य : कुलसचिव
कुवि कुलसचिव डॉ. प्रवीण सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों की भर्ती को लेकर संजीदा है। भर्ती प्रक्रिया में आवेदन आने के साथ ही छंटनी का कार्य शुरू कर दिया गया था। कई विभागों की छंटनी पूरी भी हो चुकी है। कुलपति के निर्देशानुसार अगले सत्र तक भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।