April 19, 2024

मारुति हिंसा मामला : 31 लोग दोषी करार, आज होगा सजा का एलान

Gurugram/Alive News : दिल्ली से सटे हरियाणा के मानेसर स्थित मारुति सुजुकी के प्लांट में भडक़ी हिंसा के मामले में 31 दोषियों की सज़ा पर गुडग़ांव कोर्ट शुक्रवार को फैसला सुनाएगा। माना जा रहा है कि फैसला दोपहर बाद सुनाया जा सकता है। मामले में अदालत ने प्लांट के 31 कर्मचारियों को दोषी करार दिया है। साल 2012 में भडक़ी इस हिंसा में प्लांट के जनरल मैनेजर की मौत हो गई थी, जबकि करीब 100 लोग घायल हुए थे। इस हिंसा के मामले में पुलिस ने करीब 148 लोगों को आरोपी बनाया था, लेकिन करीब 5 साल बाद अपने फैसले में कोर्ट ने सबूतों के अभाव मे करीब 117 लोगों को बरी कर दिया।

गौरतलब है कि 18 जुलाई 2012 को श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान मारुति सुजुकी के जनरल मैनेजर अवनीश देव की मौत हो गई थी, आरोप लगे थे कि उन्हें जिंदा जलाकर मारा गया था। हिंसा में कई लोग घायल भी हुए थे। घटना के बाद करीब 100 प्रबंधकों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। हिंसा के बाद मारुति के मानेसर प्लांट को एक महीने के लिए बंद करना पड़ा था।

दरअसल, कंपनी ने कम कीमत वाले कुछ अस्थायी कर्मचारियों की भर्ती कर ली थी, जिसके विरोध में कंपनी के कर्मचारी हड़ताल करने लगे। 18 जुलाई को यह हड़ताल हिंसा में बदल गई। अविनाश देव की उस समय मौत हो गई जब प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कथित तौर फैक्टरी में आग लगा दी। मामले में 148 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें से 11 अभी भी जेल में हैं, जबकि बाकियों को बेल पर रिहा कर दिया गया था। साथ ही कंपनी ने कार्रवाई करते हुए 525 श्रमिकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था।