April 20, 2024

सार्थक होली : ट्राई साइकिल देकर मनाई होली

फरीदाबाद : लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केंद्र एवं प्रोत्साहन मंच के संयुक्त तत्वावधान में होली महोत्सव व सांस्कृतिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर 21 दिव्यांगों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री बी. के. त्रिपाठी ने की।

प्रोत्साहन मंच के राष्ट्रीय महासचिव बी पी सिंह ने बताया कि होली के अवसर पर सामाजिक दुर्भाव व जातिगत भेदभाव को भूल कर नए-उत्तम समाज की रचना करनी चाहिए। त्यौहारों पर गरीब व असहाय दिव्यांग लोगों के लिए जीवन में रंग भरने का काम करें। इसे ध्यान में रखकर इस खुशी में दिव्यांगों व जरूरतमंदों को भी शामिल किया गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दिव्यांगों को ट्राई साइकिलें दी।

उन्होंने कहा कि इस नेक कार्य में संस्थाओं को आगे आना चाहिए। सभी को अपने सामाजिक कार्यों के प्रति संवेदनशील रहने की जरूरत है। उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना की। केंद्रीय राज्य मंत्री गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया है। इसका लाभ ऐसे वर्ग को मिले, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।

अध्ययन विकास केन्द्र के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिन्हा ने कहा कि असहाय व निराश्रित महिलाओं को 21 सिलाई मशीन देकर महिला सशक्तीकरण की ओर एक कदम बढ़ाया गया। इस दौरान साहित्य कला परिषद के कलाकारों ने रंगारंग नृत्य व लोक-संगीत पेश किया। कोलकाता की मशहूर गायिका व अभिनेत्री नंदिता चक्रवर्ती द्वारा सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इनकी प्रस्तुति पर सभी झूम उठे। इस अवसर पर सांसद शरद त्रिपाठी, डॉ. कौशल बाटला, बिजय बैसला, सुधांशु रंजन, डॉ.अरुण कुमार भगत,(डा)आर एन सिंह , उमेश ठाकुर, आईडीबीआई के महाप्रबंधक राजकिशोर सिंह प्रेमपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे।